

YRKKH Update: टीवी का सुपरहिट शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ इस वक्त ड्रामा और इमोशन से भरपूर मोड़ पर पहुंच गया है। दिवाली के जश्न के बाद जहां पोद्दार परिवार कुछ सुकून के पल बिता रहा था, वहीं भाईदूज के मौके पर एक नई मुश्किल सबके सिर पर टूटने वाली है। इस बार परेशानी की वजह बनेगी मायरा की एक बड़ी गलती और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक फेक वीडियो, जिसने अभिरा और अरमान की ज़िंदगी में तूफान ला दिया है।
अब तक के एपिसोड में दिखाया गया कि अरमान और अभिरा उस शख्स को तलाश रहे हैं, जिसने उनका फेक रोमांटिक वीडियो बनाया और ऑनलाइन डाल दिया। अरमान बार-बार वो वीडियो देखता है ताकि कुछ सुराग मिल सके, लेकिन यह देखकर अभिरा नाराज हो जाती है। दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगता है। आने वाले एपिसोड में कहानी और दिलचस्प मोड़ लेगी।
मायरा एआई की मदद से अपनी फेक तस्वीर बनाएगी, लेकिन यही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित होगी। अभिरा को जब इस बात का पता चलेगा, तो उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच जाएगा। वह मायरा को डांट लगाएगी कि ऐसी हरकतों से न सिर्फ उसकी बल्कि पूरे परिवार की इज़्जत पर असर पड़ता है। उधर, तान्या और कृष के बीच झगड़ा चल रहा होता है, तभी तान्या का फोन गिर जाता है और उस पर अरमान-अभिरा का वीडियो दिख जाता है।
तान्या वीडियो देखकर हैरान रह जाती है और तुरंत कृष को दिखाती है। कृष को वीडियो असली लगता है, लेकिन तान्या भरोसे के साथ कहती है कि यह वीडियो फेक है और किसी ने जानबूझकर यह साजिश रची है। तभी तान्या की मुलाकात होती है कियारा से, जो उसे देखकर कुछ अजीब रिएक्ट करती है। इससे कहानी में नया सस्पेंस जुड़ जाएगा कि आखिर यह वीडियो फैलाने के पीछे कौन है कि मायरा, कियारा या कोई तीसरा?
आगे कहानी में दिखाया जाएगा कि मायरा एक स्कूल ट्रिप पर जाने वाली है। अभिरा और अरमान राहत की सांस लेते हैं कि कम से कम कुछ समय तक मायरा इस परेशानी से दूर रहेगी। लेकिन दोनों को अंदाजा नहीं कि असली मुसीबत अभी शुरू ही हुई है। पोद्दार हाउस में फिर से बढ़ता तनाव और रिश्तों में उठता शक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ को और भी रोमांचक बना देगा।