'मुसाफिर कैफे' का ट्रेलर रिलीज, अधूरी मोहब्बत और जिंदगी के फलसफों से सजी कहानी में दिखे विक्रांत मैसी

Musafir Cafe Trailer: विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना की रोमांटिक ड्रामा 'मुसाफिर कैफे' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। 'मुसाफिर कैफे' 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
Vikrant Massey Vedika Pinto Mahima Makwana Musafir Cafe Trailer Release
मुसाफिर कैफे का ट्रेलर रिलीज (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Musafir Cafe Trailer Release: अभिनेता विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक ड्रामा 'मुसाफिर कैफे' का ट्रेलर 14 जुलाई को रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में प्यार, बिछड़ने, यादों और जिंदगी के सफर को बेहद भावनात्मक अंदाज में पेश किया गया है। दिव्य प्रकाश दुबे के चर्चित उपन्यास पर आधारित यह फिल्म दर्शकों को एक ऐसी कहानी से रूबरू कराएगी, जहां अधूरी मोहब्बत और नए रिश्तों के बीच भावनाओं का गहरा संघर्ष देखने को मिलेगा।

ट्रेलर की शुरुआत एक लाइब्रेरी से होती है, जहां चंदर यानी विक्रांत मैसी और सुधा यानी वेदिका पिंटो पहली बार मिलते हैं। बैकग्राउंड में सुनाई देता है कि जिंदगी में हर मुसाफिर किसी वजह से मिलता है, कोई थोड़ी देर के लिए, कोई जिंदगी भर के लिए। इसके बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल जाती है और वे साथ जिंदगी के खूबसूरत पल बिताते नजर आते हैं। एक भावुक पल में सुधा कहती हैं कि तुम जैसे लोग थोड़ी देर से मिलते हैं, जिस पर चंदर जवाब देता है कि और तुम जैसे लोग ज्यादा रुकते नहीं।

प्रीति की एंट्री से बदलती है चंदर की जिंदगी

कहानी में आगे महिमा मकवाना की एंट्री होती है, जो प्रीति का किरदार निभा रही हैं। वह चंदर की जिंदगी में नई उम्मीद लेकर आती हैं। ट्रेलर में प्रीति कहती हैं कि हम जिंदगी के अलग-अलग पड़ाव पर दो लोगों से प्यार नहीं कर सकते? धीरे-धीरे चंदर और प्रीति के बीच रिश्ता मजबूत होता है, लेकिन चंदर अब भी अपनी पुरानी यादों से पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाता।

पुरानी मोहब्बत की वापसी से बढ़ेगा रोमांच

ट्रेलर के अंत में कहानी नया मोड़ लेती है, जब अचानक सुधा की दोबारा एंट्री होती है। इससे चंदर की जिंदगी में भावनात्मक उथल-पुथल शुरू हो जाती है। बैकग्राउंड में सुनाई देने वाला संवाद कि कभी-कभी सबसे बड़ा सफर उस मोहब्बत तक लौटने का होता है, जिसे हम खो चुके होते हैं, ट्रेलर को और असरदार बना देता है।

24 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज

रुचिर अरुण के निर्देशन में बनी 'मुसाफिर कैफे' प्यार, यादों और रिश्तों की जटिलताओं पर आधारित एक भावनात्मक रोमांटिक ड्रामा है। फिल्म में विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिलेगी। यह फिल्म 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और अब फैंस इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com