28 साल बाद लौट आई ‘बॉर्डर’ की गूंज, वरुण धवन बने मेजर होशियार सिंह, फर्स्ट लुक ने मचाया धमाल

Border 2 Movie: मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ से वरुण धवन का दमदार लुक सामने आया। फिल्म में वह मेजर होशियार सिंह दहिया के किरदार में नजर आएंगे। जिसके बाद से फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
Varun Dhawan
वरुण धवन (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Varun Dhawan First Look Border 2:“संदेसे आते हैं, हमें तड़पाते हैं...” इस गाने को सुनते ही आज भी हर भारतीय का दिल देशभक्ति से भर उठता है। 1997 में रिलीज हुई जे.पी. दत्ता की फिल्म ‘बॉर्डर’ भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार वॉर फिल्मों में से एक रही है। सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना, जैकी श्रॉफ और सनी देओल जैसे सितारों ने इसमें सैनिकों की बहादुरी को अमर कर दिया था। अब 28 साल बाद एक बार फिर उसी जोश और जुनून के साथ ‘बॉर्डर 2’ आने को तैयार है।

टी-सीरीज ने हाल ही में इस फिल्म से वरुण धवन का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज किया है, जिसने इंटरनेट पर धमाल मचा दिया है। पोस्टर में वरुण सेना की वर्दी में, हाथ में बंदूक थामे और आंखों में जज़्बे की आग लिए दुश्मनों की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। उनका किरदार मेजर होशियार सिंह दहिया का है, जो असल जिंदगी में 1971 के भारत-पाक युद्ध के हीरो रहे और उन्हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

वरुण धवन ने अपनी फिल्म का शेयर किया फर्स्ट लुक

पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, “बॉर्डर उसका फर्ज है और भारत उसका प्यार।” इस लाइन ने दर्शकों के दिलों को छू लिया। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार वरुण धवन के इस अवतार की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “1000 करोड़ लोडिंग है बॉर्डर 2, वरुण सर ग्रेट लुक।” वहीं दूसरे ने कमेंट किया, “एक्शन के लिए अब इंतजार नहीं हो रहा।”

फिल्म में वरुण धवन के साथ सनी देओल और दिलजीत दोसांझ भी नजर आने वाले हैं। जहां सनी देओल फिर से अपने दमदार अंदाज में देशभक्ति का जज्बा दिखाएंगे, वहीं दिलजीत दोसांझ का रोल भी भावनाओं और बलिदान से भरा बताया जा रहा है।

क्या है ‘बॉर्डर 2’ की कहानी

बॉर्डर 2’ की कहानी 1971 के युद्ध पर आधारित है, जहां भारतीय सेना ने अदम्य साहस दिखाया था। मेकर्स का कहना है कि फिल्म में आधुनिक तकनीक, शानदार विजुअल्स और दिल छू लेने वाला संगीत होगा।

फिल्म का निर्देशन जे.पी. दत्ता की बेटी निधि दत्ता कर रही हैं, और इसे टी-सीरीज के भूषण कुमार प्रोड्यूस कर रहे हैं।‘बॉर्डर 2’ अगले साल 23 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस वीक में रिलीज होगी। देशभक्ति, भावनाओं और एक्शन से भरपूर यह फिल्म एक बार फिर दर्शकों में देश के लिए गर्व और जोश भरने वाली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com