

Ayushmann Khurrana Udta Teer Postponed: बॉक्स ऑफिस पर अजय देवगन की फिल्म दृश्यम 3 का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। इस बीच बॉलीवुड से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान स्टारर फिल्म उड़ता तीर की रिलीज डेट को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया गया है।
पहले यह फिल्म 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी, लेकिन अब दर्शकों को इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। मेकर्स ने बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों और क्लैश से बचने के लिए यह अहम फैसला लिया है।
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म दृश्यम 3 ने पहले ही दिन 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम कर लिया है। इसके साथ ही 9 अक्टूबर को कई अन्य फिल्में भी लाइन में थीं, जिनमें ऑस्कर 2027 के लिए भारत की फिल्म गोंधल की स्पेशल प्रीव्यू स्क्रीनिंग भी शामिल है। सिनेमाघरों में स्क्रीन काउंट को देखते हुए मेकर्स ने समझदारी भरा कदम उठाया है। अब यह फिल्म 9 अक्टूबर के बजाय 23 अक्टूबर 2026 को रिलीज की जाएगी।
यह पहला मौका नहीं है जब उड़ता तीर की तारीख में बदलाव किया गया है। इससे पहले इस फिल्म को 11 सितंबर 2026 को रिलीज करने का प्लान बनाया था। हालांकि अगस्त के महीने में इसकी तारीख खिसकाकर 9 अक्टूबर तय की गई थी। अब दूसरी बार फैसला बदलते हुए फिल्म की नई तारीख 23 अक्टूबर तय की गई है।
फिल्म को बनाने का काम साल 2024 में शुरू हुआ था, लेकिन पहले शेड्यूल के बाद काम रुक गया था। इसके बाद साल 2026 की शुरुआत में मुंबई में एक लंबे शेड्यूल के दौरान शूटिंग पूरी की गई।
करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचीन जैन द्वारा निर्मित यह फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट की एक और बड़ी पार्टनरशिप है। आकाश कौशिक के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म दर्शकों को हंसी, एक्शन और कॉमिक ड्रामे का मिला-जुला स्वाद देने का वादा करती है।
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की नई जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस काफी उत्सुक हैं। अब देखना होगा कि 23 अक्टूबर को यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा कमाल दिखा पाती है।