

Highlights
नेपाल के केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड ने फिल्म उड़ता तीर की रिलीज पर लगाया बैन।
आधिकारिक पत्र में किसी खास सीन या विवादित हिस्से का जिक्र नहीं है।
उड़ता तीर फिल्म भारत के सिनेमाघरों में 23 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली है।
Ayushmann Khurrana Udta Teer: बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना और एक्ट्रेस सारा अली खान की आने वाली फिल्म उड़ता तीर इन दिनों फिर सुर्खियों में आ गई है। भारत में सिनेमाघरों में दस्तक देने से ठीक पहले इस फिल्म को पड़ोसी देश नेपाल में बड़ा झटका लगा है। नेपाल के सेंसर बोर्ड ने फिल्म के रिलीज पर आधिकारिक तौर पर बैन लगा दिया है, जिसके बाद से फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस छिड़ गई है।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब नेपाल सरकार के केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड ने फिल्म उड़ता तीर की स्क्रीनिंग को हरी झंडी देने से साफ इनकार कर दिया। नेपाल के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की तरफ से इस संबंध में ऑफिशियल पत्र फिल्म के स्थानीय वितरक नेशनल सिने ग्रुप नेपाल को भेज दिया गया है।
ऑफिशियल पत्र में साफ-साफ उल्लेख किया गया है कि राष्ट्रीय सिनेमा निर्माण, प्रदर्शन और वितरण अधिनियम की धारा के अंतर्गत इस फिल्म को देश में सार्वजनिक रूप से दिखाने की परमिशन नहीं दी जा सकती है। बोर्ड के इस कड़े कदम के बाद पड़ोसी देश में फिल्म के भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है।
आयुष्मान खुराना और एक्ट्रेस सारा अली खान की फिल्म उड़ता तीर पर लगी इस अचानक रोक के पीछे के कारणों को लेकर भी कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। खबरों के अनुसार इस फिल्म की कहानी का ताना-बाना भारत और पाकिस्तान के बीच के तनावपूर्ण रिश्तों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
हालांकि मंत्रालय द्वारा जारी किए गए पत्र में किसी खास सीन या विवादित हिस्से का विशेष रूप से जिक्र नहीं किया गया है। लेकिन स्थानीय कानूनों के प्रावधानों के अनुसार यदि किसी भी फिल्म का कंटेंट देश हितों, शांति, कई समुदायों के लिए संवेदनशील माना जाता है, तो उसे अनुमति न देने का पूरा अधिकार बोर्ड के पास सुरक्षित रहता है।
भले ही पड़ोसी देश नेपाल में फिल्म उड़ता तीर को लेकर मुश्किलें खड़ी हो गई हों, लेकिन भारत में इसकी रिलीज को लेकर तैयारियां पूरी रफ्तार से चल रही हैं। आकाश कौशिक के डायरेक्शन में बनी इस एक्शन और कॉमेडी से भरपूर फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
प्रोड्यूसर-डायरेक्टर की योजना के अनुसार यह फिल्म आने वाले शुक्रवार यानी 23 अक्टूबर को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। भारत के दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह का माहौल अभी भी बना हुआ है। इस फिल्म के जरिए आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की यह जोड़ी पहली बार पर्दे पर साथ आ रही है, जिसे लेकर फैंस में काफी क्रेज देखा जा रहा था।