

Yash Toxic Box Office Collection: फिल्म स्टार यश की नई पेशकश 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' का बॉक्स ऑफिस सफर बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। पहले दिन की धमाकेदार शुरुआत के बाद अब हफ्ते के आखिरी में फिल्म की कमाई की रफ्तार में थोड़ा बदलाव नजर आ रहा है। देश भर के थियेटर्स में दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है, फिर भी चौथे दिन के आंकड़े एक नया संकेत दे रहे हैं।
यश और डायरेक्टर गीतू मोहनदास की जुगलबंदी ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफलता हासिल की है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 4 दिनों के अंदर फिल्म का कलेक्शन 190.45 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अगर इसमें टैक्स और अन्य हिस्सों को जोड़ दिया जाए तो भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 227.50 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू चुका है। वहीं विदेशी बाजारों से मिले 27.25 करोड़ रुपये के कलेक्शन ने इसे विश्व स्तर पर 254.75 करोड़ रुपये के मुकाम पर पहुंचा दिया है।
बीते शनिवार के दिन फिल्म के कलेक्शन के लिहाज से मिला-जुला रहा। देश भर के 17,612 शो के जरिए फिल्म ने चौथे दिन 24.50 करोड़ रुपये का शुद्ध कलेक्शन किया। यह आंकड़ा शुक्रवार को हुई 27.20 करोड़ रुपये की कमाई की तुलना में 9.9 प्रतिशत कम है। रिलीज के पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की बम्पर ओपनिंग करने वाली इस फिल्म की रफ्तार में दूसरे दिन से ही थोड़ी कमी देखी जा रही है, जब कलेक्शन 37.65 करोड़ रुपये पर आ गया था।
भाषाओं के हिसाब से देखें तो शनिवार को हिंदी बेल्ट से फिल्म टॉक्सिक को सबसे ज्यादा मजबूती मिली। हिंदी डब ने अकेले 15.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसमें रात के शो में दर्शकों की उपस्थिति 37 प्रतिशत से ज्यादा रही। दूसरी ओर, कन्नड़ भाषा के शो में भले ही 6.60 करोड़ रुपये की कमाई हुई, लेकिन वहां सिनेमाघरों की ऑक्यूपेंसी सबसे ज्यादा 47 प्रतिशत दर्ज की गई। तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं ने भी अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार कलेक्शन में योगदान दिया।
फिल्म टॉक्सिक को लेकर समीक्षाएं और दर्शकों की राय 2 हिस्सों में बंटी दिख रही है। एक तरफ जहां फिल्म के स्टाइल, एक्शन और हिंसा के दृश्यों को काफी पसंद किया जा रहा है, वहीं कहानी की गहराई और भावनाओं के स्तर पर इसे मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसके बावजूद एक्टर यश के फैंस में फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज बना हुआ है, जो खासकर शाम और देर रात के शो में थिएटर्स को भरने में मदद कर रहा है।