टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद एक्शन में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, अभिनेता से मुलाकात कर दिया कड़ा संदेश

Tiger Shroff Firing Case: मुंबई में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले से सनसनी फैल गई है। इस गंभीर घटना ने एक बार फिर महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Eknath Shinde Meets Tiger Shroff
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और टाइगर श्रॉफ(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • मुंबई में टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर 5 राउंड गोलियां चलाए जाने की खबर से मचा हड़कंप।

  • डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मिलकर उनका हालचाल जाना।

  • फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार और मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने घेरा।

Eknath Shinde Meets Tiger Shroff: मुंबई की चकाचौंध वाली सड़कों पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब पॉपुलर एक्टर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं। इस भयानक हमले में एक्टर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी गाड़ी का ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक इस हिंसा की चपेट में आकर घायल हो गए।

इस वारदात के बाद से ही फिल्म इंडस्ट्री से लेकर राजनीतिक गलियारों तक गहरी चिंता का माहौल बना हुआ है। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

सरेआम गोलियों की गूंज से सहमी मुंबई

रविवार के दिन अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने हर किसी को हैरान कर दिया। बदमाशों ने टाइगर श्रॉफ को टारगेट करते हुए 5 राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि टाइगर श्रॉफ इस हमले में सुरक्षित बच निकलने में कामयाब रहे, लेकिन उनके ड्राइवर के बाएं हाथ में कांच के टुकड़े और बारूद लगने से गंभीर चोटें आईं।

इस घटना के फौरन बाद एक्टर और उनकी मां दोनों ही गहरे सदमे में हैं। मुंबई जैसी इकॉनोमिक कैपिटल में इस तरह की वारदात का होना सुरक्षा एजेंसियों की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाता है।

विपक्ष ने सरकार को घेरा

घटना की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी काफी तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने महायुति सरकार और गृह विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस और एनसीपी के नेताओं ने इसे राज्य में जंगल राज की वापसी करार दिया है।

विपक्षी नेताओं का कहना है कि जब देश की मुंबई जैसे शहर में एक जाना-माना सेलिब्रिटी ही सेफ नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा। इन नेताओं ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग तक कर डाली है।

Eknath Shinde Meets Tiger Shroff
टाइगर श्रॉफ पर जुहू में जानलेवा हमला, चश्मदीद सलमा ने बताया उस रात क्या हुआ

डर के साये में जीने को मजबूर फिल्म स्टार्स

बॉलीवुड हस्तियों को मिल रही धमकियों और हमलों का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ समय में बाबा सिद्दीकी की हत्या, सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग और रोहित शेट्टी के घर पर हमले जैसी घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री को डरा दिया है।

जानकारों का मानना है कि इस तरह की वारदातों से इंवेस्टर और फेमस सेलिब्रेटिज के मन में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। कलाकारों का कहना है कि अगर अपराधियों में कानून का डर खत्म हो जाएगा, तो ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाना नामुमकिन हो जाएगा।

डिप्टी सीएम ने दिया कड़ा संदेश

हालात की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देर रात एक्टर टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उपमुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार इस तरह की गुंडागर्दी और धमकियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी।

डिप्टी सीएम ने याद दिलाया कि 90 के दशक में मुंबई में गैंगवार आम बात थी, जिसे पुलिस ने सख्ती से कुचल दिया था। प्रशासन अब एक बार फिर अपराध करने वालों की कमर तोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है और इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com