'द ट्रेटर्स 2' का इंतजार खत्म, प्राइम वीडियो ने नए सीजन की रिलीज डेट का किया खुलासा

The Traitors Season 2: प्राइम वीडियो का फेमस रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स 2' 13 अगस्त से वापसी कर रहा है। करण जौहर की होस्टिंग में 21 सितारे धोखे और भरोसे का यह अनोखा खेल खेलेंगे।
The Traitors Season 2
करण जौहर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Karan Johar Reality Show: दर्शकों को लंबे समय से इसके द ट्रेटर्स' के नए सीजन का इंतजार था, जो अब खत्म हो चुका है। प्राइम वीडियो ने ऐलान कर दिया है कि इस ब्लॉकबस्टर सीरीज का दूसरा सीजन आने वाली 13 अगस्त से स्ट्रीम होने जा रहा है। इस बार मुकाबला सिर्फ गेम जीतने का नहीं है, बल्कि इंसानी दिमाग की उस पहेली को सुलझाने का है, जहां हर कदम पर एक नया धोखा छुपा होता है।

फेमस फिल्म मेकर करण जौहर एक बार फिर इस पूरे खेल के सूत्रधार बनकर लौट रहे हैं, जिससे इस शो को लेकर उत्सुकता कई गुना बढ़ गई है। दरअसल, यह नीदरलैंड्स के फेमस अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट पर आधारित है, जिसे दुनिया के 40 से ज्यादा देशों में अलग-अलग भाषाओं में बनाया जा चुका है।

दुनिया भर में तहलका मचाने वाला ग्लोबल फॉर्मेट

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेफटा और एमी जैसे फेमस पुरस्कार जीत चुके इस फॉर्मेट को भारत में ऑलमीडिया इंटरनेशनल के साथ मिलकर लाया गया है। दूसरे सीजन का निर्माण धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया है।

भारत में इसका पहला सीजन जिस तरह से लोगों की जुबान पर चढ़ा, उसने साबित कर दिया कि दर्शक अब घिसे-पिटे ड्रामे के बजाय ऐसा कंटेंट देखना पसंद करते हैं जो उनकी सोचने की क्षमता को चुनौती देता है।

दिमागी चालों और 21 सेलिब्रिटी खिलाड़ियों की जंग

द ट्रेटर्स' नए सीजन को पहले के मुकाबले काफी बड़ा, बोल्ड और ज्यादा तनावपूर्ण बनाया गया है। इस बार कुल 21 जाने-माने सितारे ग्रैंड प्राइज और सबसे चालाक खिलाड़ी का खिताब हासिल करने के लिए आपस में भिड़ेंगे।

खेल का मेन आधार साइकोलॉजिकल स्ट्रैटेजी और आपसी भरोसा होगा। खिलाड़ियों को यह समझना होगा कि उनके साथ खड़ा इंसान उनका साथी है या फिर पीठ पीछे वार करने वाला कोई गद्दार। इस शो की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यहां भावनाएं असली होती हैं, लेकिन हर रिश्ते के पीछे एक राजनीतिक चाल छिपी होती है।

हर गुरुवार रिलीज होंगे सस्पेंस से भरे नए एपिसोड

जानकारी के अनुसार 'द ट्रेटर्स' 13 अगस्त को रिलीज होने के बाद हर गुरुवार को इसके नए एपिसोड पेश किए जाएंगे। मेकर्स का दावा है कि इस बार दांव पहले से कहीं ज्यादा ऊंचे हैं और खेल की रफ्तार भी तेज रखी गई है।

दिग्गजों का मानना है कि करण जौहर का यह शो सिर्फ एक एंटरटेनमेंट का जरिया नहीं है, बल्कि इसने रियलिटी जॉनर की परिभाषा ही बदल दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जब 21 चर्चित चेहरे इस रहस्यमयी खेल के मैदान में उतरेंगे, तो कौन अपने दिमाग की बदौलत जीत दर्ज करेगा और कौन धोखे का शिकार बनेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com