

Mrunal Thakur Yashasvi Jaiswal Dating Rumours: सिनेमा और क्रिकेट का नाता बेहद पुराना और अनोखा रहा है। जब भी इन दोनों दुनिया की हस्तियां एक साथ नजर आती हैं, तो उनके अफेयर की खबरें तेजी से सुर्खियां बटोरने लगती हैं। ऐसा ही कुछ इस बार बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर और भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ देखने को मिल रहा है। मुंबई के एक पॉपुलर कैफे के बाहर दोनों को एक साथ देखे जाने के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो चुका है।
दोनों के बीच उम्र के अंतर से लेकर उनके अचानक इस तरह मिलने तक, हर पहलू पर सोशल मीडिया यूजर्स के बीच जमकर चर्चा हो रही है। इस पूरी अफवाह और चर्चा की शुरुआत मुंबई के बांद्रा स्थित एक फेमस कैफे के बाहर रिकॉर्ड किए गए वीडियो से हुई। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर कैफे के भीतर मौजूद थीं। ठीक उसी समय भारतीय क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल भी उसी परिसर से बाहर निकलते हुए कैमरे में कैद हुए। जायसवाल ने बाहर आकर वहां मौजूद पैपराजी की तरफ हाथ हिलाया और शांत भाव से अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए।
दोनों हस्तियों के एक साथ नजर आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी उम्र का लेखा-जोखा निकालना शुरू कर दिया। 33 साल की मृणाल ठाकुर और 24 साल के यशस्वी जायसवाल के बीच लगभग 9 साल की उम्र का फासला है। इंटरनेट पर फैंस इस उम्र के अंतर को लेकर दो गुटों में बंट गए हैं।
जहां कुछ लोग इस संभावित जोड़ी को लेकर हैरानी जता रहे हैं, वहीं कई अन्य यूजर्स का मानना है कि केवल एक कैफे में दिखने से किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए। कई लोगों ने यह भी कयास लगाया कि शायद यह मुलाकात किसी विज्ञापन की शूटिंग या व्यावसायिक प्रोजेक्ट के सिलसिले में हुई हो सकती है।
यह पहला मौका नहीं है जब मृणाल ठाकुर अपनी पर्सनल लाइफ और डेटिंग की खबरों को लेकर इस तरह सुर्खियों में आई हैं। इससे पहले साउथ के सुपरस्टार धनुष के साथ भी उनकी नजदीकियों और शादी की खबरें मीडिया में खूब वायरल हुई थीं।
उस वक्त दोनों के बीच शादी की अटकलों पर काफी बज बना था, हालांकि बाद में उनके करीबी सूत्रों ने उन दावों को सिरे से खारिज करते हुए केवल अफवाह करार दिया था। फिलहाल यशस्वी जायसवाल और मृणाल ठाकुर दोनों की ही तरफ से इस ताजा मुलाकात या डेटिंग की खबरों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मृणाल ठाकुर और यशस्वी जायसवाल के करियर की बात करें तो दोनों ही हस्तियां अपने-अपने क्षेत्रों में इस समय बेहतरीन दौर से गुजर रही हैं। एक तरफ यशस्वी जायसवाल अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और शानदार प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह मजबूत कर चुके हैं।
तो वहीं दूसरी तरफ मृणाल ठाकुर भी एक के बाद एक बड़ी फिल्मों में अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत रही हैं। हाल ही में वह 'है जवानी तो इश्क होना है' फिल्म में अहम भूमिका में नजर आई थीं।