

Tej Pratap Yadav Bhojpuri Bawaal: ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर प्रसारित होने वाला रियलिटी शो भोजपुरी बवाल खूब चर्चा में है। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे इस शो के जरिए अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ निजी जिंदगी की झलक भी दर्शकों को दिखा रहे हैं। शो में बिहार के राजनेता तेज प्रताप यादव भी नजर आ रहे हैं, जहां उनका एक अलग और मस्ती भरा अंदाज देखने को मिल रहा है।
शो के दौरान तेज प्रताप यादव अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कई बातें साझा करते दिखाई देते हैं। एक तरफ वह लोगों के बीच अपनी लोकप्रियता और मस्ती भरे अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करते हैं, वहीं दूसरी ओर परिवार से दूरी को लेकर उनका भावुक पक्ष भी सामने आया है। तेज प्रताप कई मौकों पर यह कह चुके हैं कि उनके लिए माता-पिता बेहद महत्वपूर्ण है।
भोजपुरी बवाल के सामने आए एक प्रोमो में तेज प्रताप अपना जन्मदिन मनाते नजर आ रहे है। वह बताते है कि उनके पिता लालू यादव ने जन्मदिन पर आने का वादा किया है। इसके बाद तेज प्रताप बार-बार अपने साथियों से पिता के आने का समय पूछते है और कहते है कि जैसे ही लालू यादव पहुंचें, उन्हें इसकी जानकारी दी जाए।
तेज प्रताप अपने पिता के स्वागत की तैयारी में भी जुटे दिखाई देते है। वह सड़क पर मौजूद लोगों से रास्ता खाली करने के लिए कहते है, ताकि उनके पिता की गाड़ी आसानी से वहां पहुंच सके। हालांकि काफी देर तक लालू यादव नहीं आते, जिसके बाद तेज प्रताप निराश होकर कहते है कि उन्हें नहीं लगता कि उनके पिता अब आएंगे। वह यह भी कहते है कि पिता के आने के बाद ही जन्मदिन का केक काटेंगे।
इसके बाद प्रोमो में लालू यादव की गाड़ी की एंट्री होती है। पिता को सामने देखकर तेज प्रताप के चेहरे पर खुशी साफ नजर आती है। वह गाड़ी के पास जाकर लालू यादव के पैर छूते है। इसके बाद दोनों साथ मिलकर जन्मदिन का केक काटते है। तेज प्रताप अपने पिता के हाथ से केक खाते हैं और इस पल को अपने लिए खास बताते है। वह कहते हैं कि जन्मदिन पर पिता का आना उनके लिए बड़े तोहफे जैसा है।
तेज प्रताप यादव का पारिवारिक और राजनीतिक विवाद भी काफी समय से चर्चा में रहा है। मई 2025 में लालू प्रसाद यादव ने उन्हें राष्ट्रीय जनता दल से निष्कासित कर दिया था। यह फैसला तेज प्रताप की एक तस्वीर और उससे जुड़े विवाद के बाद लिया गया था। लालू यादव ने पार्टी की विचारधारा और पारिवारिक मूल्यों का हवाला देते हुए कार्रवाई की थी।
इस फैसले को परिवार के कुछ सदस्यों, जिनमें तेजस्वी यादव और रोहिणी आचार्य भी शामिल थे, का समर्थन मिला था। ऐसे में भोजपुरी बवाल के प्रोमो में पिता-पुत्र के बीच दिखाई दिया यह भावुक पल दर्शकों के लिए खास बन गया है।