

Sunita Ahuja Govinda Affair Rumours: गोविंदा और उनकी को-स्टार रानी स्वर्णकार के कथित रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, इन खबरों की अभी तक गोविंदा या रानी की तरफ से पुष्टि नहीं हुई है। इसी बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक बार फिर बात की है। हाल ही में सुनीता पश्चिम बंगाल के दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने अपनी जिंदगी में चल रही परेशानियों का जिक्र किया।
दक्षिणेश्वर काली मंदिर के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान सुनीता ने बताया कि वह देवी काली का आशीर्वाद लेने आई हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी में कुछ ‘राक्षस’ हैं और वह देवी से उन्हें खत्म करने की प्रार्थना करने आई हैं। सुनीता ने मीडिया से यह भी अपील की कि ऐसे लोगों को बढ़ावा न दिया जाए, जो इस पूरे मामले के जरिए पब्लिसिटी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
सुनीता आहूजा ने अपनी बात रखते हुए महिलाओं और जेन-जी युवाओं से भी समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि उनके साथ जो हो रहा है, वह सही नहीं है। सुनीता ने दावा किया कि उनका घर बिना किसी वजह के टूट रहा है और उन्होंने महिलाओं से उनके लिए आवाज उठाने की अपील की। उनका यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब गोविंदा और रानी स्वर्णकार को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
सुनीता के बयान से पहले गोविंदा को रानी स्वर्णकार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करते हुए देखा गया था। दोनों की तस्वीरें सामने आने के बाद उनके कथित रिश्ते की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था। हालांकि, इस रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, गोविंदा ने एएनआई से बातचीत में अपनी निजी जिंदगी को लेकर चल रही अटकलों पर सफाई दी थी।
अभिनेता ने रानी के साथ अपने रिश्ते को प्रोफेशनल बताया और कहा कि उनका लालबागचा राजा जाना काम से जुड़ा था। उन्होंने अपने खिलाफ चल रही चर्चाओं को खारिज करते हुए दावा किया कि उन्हें परिवार से दूर करने और बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। गोविंदा ने इन घटनाओं को एक सोची-समझी साजिश बताया और कहा कि वह अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं।