ओपल सुचाता चुआंगस्री के सिर पर सजा Miss World का ताज, जानें कितनी मिली प्राइज मनी

72वां मिस वर्ल्ड कॉम्पिटिशन खत्म हो गया है और दुनिया को एक बार फिर से नई ‘मिस वर्ल्ड’ मिल गई है। थाईलैंड की सुचाता चुआंगस्री ने मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब जीत लिया है।
सुचाता चुआंगस्री के सिर पर सजा Miss World का ताज, प्राइज मनी के साथ मिली चमचमाती ट्रॉफी
सुचाता चुआंगस्री के सिर पर सजा Miss World का ताज
Published on
Updated on

हैदराबाद: थाईलैंड की कंटेस्टेंट ओपल सुचाता चुआंगस्री ने मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब जीत लिया है। ओपल सुचाता चुआंगस्री के सिर पर मिस वर्ल्ड का ताज सज गया है। सुचाता चुआंगस्री को 8.5 करोड़ रुपये प्राइज मनी मिली हैं। इसी के साथ 72वां मिस वर्ल्ड कॉम्पिटिशन खत्म हो गया है और दुनिया को एक बार फिर से नई ‘विश्व सुंदरी’ मिल गई है। वहीं, राजस्थान के कोटा शहर की रहने वाली नंदिनी गुप्ता के साथ भारत का सपना टूट गया है।

सुचाता चुआंगस्री ने अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास और सामाजिक सोच से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए मिस वर्ल्ड 2025 का ताज अपने सिर सजाया। मिस वर्ल्ड 2024 की विजेता क्रिस्टीना पिस्जकोवा ने नई विजेता को ताज पहनाया और एक भावुक स्पीच के ज़रिए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन की CEO जूलिया मॉर्ले को भी धन्यवाद कहा।

भारत की ओर से नंदिनी गुप्ता ने इस बार देश का प्रतिनिधित्व किया। राजस्थान के कोटा की रहने वाली नंदिनी ने सेमीफाइनल तक का सफर शानदार तरीके से तय किया और टॉप 20 में अपनी जगह बनाई। हालांकि, टॉप 5 में वह जगह नहीं बना सकीं, जिससे भारत का खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया।

नंदिनी की कहानी किसी फिल्मी संघर्ष से कम नहीं रही। उनका जन्म 2003 में कोटा में हुआ था। उन्होंने सेंट पॉल सेकेंडरी स्कूल से पढ़ाई की और 14 साल की उम्र में मुंबई आ गईं। मुंबई में उन्होंने लाला लाजपत राय कॉलेज से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की और ब्यूटी पेजेंट की ट्रेनिंग में खुद को निखारा। साल 2023 में फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद उन्होंने मिस वर्ल्ड के लिए तैयारी शुरू कर दी थी।

नंदिनी के पिता सुमित गुप्ता किसान और बिजनेसमैन हैं, जबकि मां रेखा हाउसवाइफ हैं। छोटी बहन अनन्या पढ़ाई कर रही है। नंदिनी ने महज 10 साल की उम्र में सौंदर्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का सपना देखा था और उसे सच करने के लिए उन्होंने अथक मेहनत की। 72वां मिस वर्ल्ड इवेंट लगातार दूसरी बार भारत में आयोजित हुआ और इस बार यह हैदराबाद के मंच पर और भी भव्य नजर आया। इस इवेंट में सोनू सूद, चिरंजीवी, ईशान खट्टर और राणा दग्गुबत्ती जैसी हस्तियां भी मौजूद रहीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com