स्पिरिट का फर्स्ट लुक आते ही मचा तहलका, प्रभास-तृप्ति डिमरी के इंटेंस अवतार ने बढ़ाई फैंस की धड़कनें

Spirit First Look: स्पिरिट का फर्स्ट लुक रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया। प्रभास का जख्मी अवतार फैंस की धड़कनें बढ़ा रहा है, जबकि तृप्ति डिमरी के साथ उनकी केमिस्ट्री ने एक्साइटमेंट बढ़ा दी है।
Prabhas and Triptii Dimri intense avatars have increased the heartbeats of fans
प्रभास और तृप्ति डिमरी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Prabhas Triptii Dimri: डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने नए साल 2026 की शुरुआत अपनी फिल्म ‘स्पिरिट’ के फर्स्ट लुक के साथ कर दी है। जैसे ही पोस्टर सामने आया, सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ और शाहिद कपूर की कबीर सिंह जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले वांगा के इस नए प्रोजेक्ट को देखकर कई दर्शकों को ‘एनिमल’ की याद आ गई, वहीं प्रभास के इंटेंस अवतार ने लोगों की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी।

फिल्म के पहले पोस्टर में प्रभास लंबे बाल, घनी दाढ़ी और मूंछों में बेहद रॉ और डार्क लुक में नजर आ रहे हैं। वह कैमरे की ओर पीठ किए खड़े हैं, उनकी पीठ पर गहरे जख्मों के निशान और बैंडेज साफ दिखाई दे रहे हैं, जो फिल्म में हिंसा और दर्द से भरी कहानी की ओर इशारा करते हैं। एक हाथ में सिगरेट और दूसरे में शराब का गिलास थामे प्रभास का यह अवतार उनके अब तक के किरदारों से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है।

तृप्ति डिमरी के साथ प्रभास का लुक आउट

पोस्टर में प्रभास के साथ तृप्ति डिमरी भी दिख रही हैं। वह सिंपल टोन की साड़ी में शांत अंदाज में प्रभास की सिगरेट जलाती नजर आती हैं। तृप्ति का यह लुक भी फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि दोनों की केमिस्ट्री पहली झलक में ही दमदार लग रही है। कई फैंस ने लिखा कि ‘एनिमल’ के बाद संदीप रेड्डी वांगा एक बार फिर इंटेंस और अनफिल्टर्ड सिनेमा लेकर आ रहे हैं।

फैंस का रिएक्शन

पोस्टर के साथ मेकर्स ने कैप्शन में लिखा कि तुमने उससे प्यार किया जो पहले था, अब उससे प्यार करो जिसके बारे में तुमने कभी नहीं सोचा था। इस लाइन ने भी दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। एक यूजर ने लिखा कि अगर यह सिर्फ पोस्टर है, तो टीजर थिएटर हिला देगा। वहीं दूसरे ने कहा कि किंग जख्मी है, लेकिन स्वैग अब भी बरकरार है। ‘स्पिरिट’ में प्रभास के पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभाने की खबरें हैं, जबकि तृप्ति डिमरी उनके लव इंटरेस्ट के तौर पर नजर आएंगी।

स्पिरिट के स्टार कास्ट

‘स्पिरिट’ में विवेक ओबेरॉय, प्रकाश राज और कंचना जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में होंगे। पहले इस रोल के लिए दीपिका पादुकोण का नाम सामने आया था, लेकिन शिफ्ट विवाद के चलते वह प्रोजेक्ट से बाहर हो गईं। संदीप रेड्डी वांगा द्वारा लिखी, एडिट और निर्देशित यह फिल्म हिंदी, तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम के अलावा इंटरनेशनल भाषाओं में भी रिलीज किए जाने की तैयारी में है। ‘स्पिरिट’ के फर्स्ट लुक ने साफ कर दिया है कि 2026 में यह फिल्म बड़े स्तर पर धमाल मचाने वाली है।

Navbharat Live
navbharatlive.com