Birthday Special: तीन दशक, गिनी-चुनी फिल्में और हर बार हिट, सूरज बड़जात्या का सादगी ने जीता फैंस का दिल

Sooraj Barjatya Struggle Story: सूरज बड़जात्या ने करियर की शुरुआत महेश भट्ट के साथ क्लैप बॉय के रूप में की। महज 24 साल की उम्र में उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दी।
Sooraj Barjatya birthday struggle story Mahesh Bhatt assistant Maine Pyar Kiya blockbuster
सूरज बड़जात्या (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sooraj Barjatya Birthday Special: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या 22 फरवरी को अपना जन्मदिन मनाते हैं। साल 1964 में मुंबई में जन्मे सूरज फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता राजकुमार बड़जात्या हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्माता थे। परिवारिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए सूरज ने भी फिल्ममेकिंग की दुनिया में कदम रखा और अपनी अलग पहचान बनाई।

हालांकि, डायरेक्टर बनने से पहले सूरज बड़जात्या ने फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखने के लिए संघर्ष का रास्ता चुना। उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि वह दिग्गज निर्देशक महेश भट्ट के पास गए और उनसे असिस्टेंट बनने की इच्छा जताई। शुरुआती दिनों में उन्होंने क्लैप बॉय तक का काम किया और सेट पर छोटी-बड़ी जिम्मेदारियां निभाईं।

महेश भट्ट ने दी थी ये बड़ी सलाह

महेश भट्ट ने उन्हें सलाह दी थी कि अच्छा फिल्ममेकर बनने के लिए पहले अच्छा लेखक बनना जरूरी है। इसी प्रेरणा से सूरज ने लिखना शुरू किया और अपने दृष्टिकोण को व्यापक बनाने के लिए खूब पढ़ाई की। सिर्फ 24 साल की उम्र में सूरज बड़जात्या ने बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म मैंने प्यार किया बनाई। साल 1989 में रिलीज हुई इस फिल्म में सलमान खान और भाग्यश्री ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। यह फिल्म उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हुई और ब्लॉकबस्टर साबित हुई।

सूरज बड़जात्या की फिल्में

इसके बाद सूरज ने पारिवारिक और इमोशनल कहानियों के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनकी फिल्म हम आपके हैं कौन! ने भारतीय सिनेमा में फैमिली एंटरटेनमेंट का नया अध्याय लिखा। वहीं हम साथ-साथ हैं ने संयुक्त परिवार की भावना को बड़े पर्दे पर खूबसूरती से पेश किया। सूरज बड़जात्या ने विवाह, प्रेम रतन धन पायो और ऊंचाई जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया है।

सूरज बड़जात्या का करियर

तीन दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने कम फिल्में बनाईं, लेकिन लगभग हर फिल्म ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। अब सूरज ‘ये प्रेम मोल लिया’ नाम की फिल्म और ‘संगमरमर’ नाम की सीरीज लेकर आने वाले हैं। अपने सादगी भरे सिनेमा और पारिवारिक मूल्यों के लिए पहचाने जाने वाले सूरज बड़जात्या आज भी हिंदी सिनेमा में एक खास स्थान रखते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com