Sonu Sood Dabangg 2: ‘दबंग 2’ को सोनू सूद ने क्यों कहा ना? सालों बाद सामने आई असली वजह

Dabangg 2 Casting: सोनू सूद ने खुलासा किया कि उन्होंने ‘दबंग 2’ इसलिए ठुकराई क्योंकि वह फिल्म की स्क्रिप्ट और किरदार से जुड़ नहीं पाए। उन्होंने बताया कि वह सिर्फ पैसे के लिए फिल्में नहीं करते।
Sonu Sood Dabangg 2 interview Dabangg villain Chhedi Singh Salman Khan
सोनू सूद (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Dabangg Villain Chhedi Singh: बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने अपनी दमदार एक्टिंग से इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है। ‘दबंग’ में उनके निभाए गए ‘छेदी सिंह’ के किरदार को आज भी दर्शक याद करते हैं। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने न सिर्फ शुरुआत में ‘दबंग’ को मना किया था, बल्कि इसके सीक्वल दबंग 2 को भी ठुकरा दिया था।

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में सोनू सूद ने खुलासा किया कि उन्होंने शुरुआत में ‘दबंग’ में काम करने से इंकार कर दिया था। उनका कहना था कि वह किरदार से खुद को जोड़ नहीं पा रहे थे। लेकिन निर्देशक अभिनव कश्यप के साथ बैठकर उन्होंने किरदार में बदलाव किए, जिसमें ह्यूमर भी जोड़ा गया। इसके बाद ‘छेदी सिंह’ का किरदार बेहद पॉपुलर बन गया।

किरदार से जुड़ाव है सबसे जरूरी

सोनू सूद का मानना है कि किसी भी रोल को चुनने के लिए यह जरूरी नहीं कि वह पॉजिटिव हो या नेगेटिव। उनके मुताबिक, अगर कोई किरदार दर्शकों को एंटरटेन करता है और उनसे जुड़ता है, तो वही सबसे अहम होता है। यही सोच उन्हें इंडस्ट्री में अलग बनाती है। एक्टर ने साफ कहा कि उन्होंने कभी भी सिर्फ पैसों के लिए फिल्में नहीं कीं।

दबंग 2 से क्यों बनाई दूरी

सोनू सूद का मानना है कि अगर कोई कलाकार सिर्फ पैसे के लिए फिल्म साइन करता है, तो उसे शूटिंग के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसलिए वह हमेशा स्क्रिप्ट और अपने किरदार को प्राथमिकता देते हैं। सोनू सूद ने बताया कि सलमान खान और अरबाज़ खान के कहने के बावजूद उन्होंने ‘दबंग 2’ में काम करने से इंकार कर दिया। इसकी वजह थी कि वह फिल्म की स्क्रिप्ट से खुद को जोड़ नहीं पाए।

रिश्तों में नहीं आई दूरी

सोनू सूद ने साफ कहा कि उन्हें लगा कि वह इस किरदार में कोई खास बदलाव नहीं कर पाएंगे, इसलिए उन्होंने फिल्म छोड़ना ही बेहतर समझा। हालांकि फिल्म ठुकराने के बावजूद सोनू सूद और सलमान खान के रिश्तों में कोई दरार नहीं आई। सोनू ने बताया कि सलमान ने उन्हें फिल्म की ट्रायल स्क्रीनिंग में खुद बुलाया था। यह उनके बीच की मजबूत दोस्ती और आपसी सम्मान को दर्शाता है। गौरतलब है कि ‘दबंग 2’ में विलेन का किरदार आखिरकार प्रकाश राज ने निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद भी किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com