Gen-Z विवाद में कूदे सोनू सूद, कंगना रनौत को दी नसीहत, बोले- युवा ही आपको स्टार बनाते हैं

Sonu Sood Reaction: कंगना रनौत के ‘जेनरेशन गटर’ बयान पर सोनू सूद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कहा गया है तो यह शर्मनाक है और सार्वजनिक जीवन में हर किसी को सोच-समझकर बोलना चाहिए।
Sonu Sood Kangana Ranaut Generation Gutter Controversy
सोनू सूद और कंगना रनौत (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Sonu Sood On Kangana Ranaut: अभिनेता सोनू सूद ने भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के ‘जेनरेशन गटर’ वाले बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में कंगना ने नीट पेपर विवाद और जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शनों के संदर्भ में कुछ महिला प्रदर्शनकारियों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई। अब इस पूरे मामले पर सोनू सूद ने अपनी राय रखी है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब सोनू सूद से कंगना रनौत के बयान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर उन्होंने वास्तव में ऐसा कहा है, तो यह सही नहीं है। सोनू सूद ने कहा कि अगर ऐसा कहा है तो मुझे लगता है कि यह शर्मनाक बात है। ऐसा नहीं कहना चाहिए। इसलिए कहा जाता है कि तोल-मोल कर बोलो। बहुत जरूरी है कि आप सोच-समझकर बोलें, क्योंकि जनता ही ईश्वर का दूसरा रूप होती है।

युवा ही कलाकारों को स्टार बनाते हैं

सोनू सूद ने आगे कहा कि किसी भी कलाकार की सफलता में युवाओं का सबसे बड़ा योगदान होता है। उन्होंने कहा कि दर्शकों के प्यार और समर्थन की वजह से ही कलाकार अपनी पहचान बना पाते हैं। उन्होंने कहा कि युवा ही आपको एक्टर बनाते हैं। वही आपको इस मुकाम तक पहुंचाते हैं। जब तक लोग आपके साथ हैं, तब तक आपकी पहचान है। अगर लोग साथ नहीं होंगे तो मुश्किलें बढ़ जाएंगी। इसलिए हर किसी को साथ लेकर चलना चाहिए, चाहे वह अभिनेता हो, डॉक्टर हो या किसी भी पेशे से जुड़ा व्यक्ति।

क्या है पूरा विवाद

यह विवाद तब शुरू हुआ जब कंगना रनौत ने जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट साझा किए। उन्होंने कुछ प्रदर्शनकारियों के व्यवहार की आलोचना करते हुए कुछ महिला प्रदर्शनकारियों के लिए ‘जेनरेशन गटर’ शब्द का इस्तेमाल किया। इसके बाद उनके बयान पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

बयान बना चर्चा का विषय

कंगना रनौत के बयान और अब उस पर सोनू सूद की प्रतिक्रिया के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। सोशल मीडिया पर दोनों कलाकारों के बयानों को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं, इस विवाद ने सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और जिम्मेदारी को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com