

Sonu Sood Rain Video: जब आसमान से बूंदें नहीं बल्कि पानी की मोटी चादर बरस रही हो और आम लोग घरों में दुबके हों, तब कोई सड़कों पर उतरकर फिटनेस के मंत्र दे तो वायरल होना लाजिमी है। ऐसा ही कुछ मुंबई की सड़कों पर देखने को मिला। जहां अक्सर सोशल मीडिया पर छाए रहने वाले एक्टर सोनू सूद का नया ही रूप देखने को मिला।
मुंबई में मानसून की शुरुआत हो चुकी है और इस पहली ही तेज बारिश में अभिनेता सोनू सूद पूरी तरह भीगते हुए दिखाई दिए। उन्होंने काले रंग की स्लीवलेस टी-शर्ट, हाफ पैंट और एक कैप कैरी की हुई थी। इस मूसलाधार बारिश के बीच वे किसी बंद जिम में पसीना बहाने के बजाय प्रकृति के बीच खुले आसमान के नीचे खुद को फिट रखने की कोशिश कर रहे हैं।
अपनी इस वीडियो को पोस्ट करते हुए सोनू सूद ने एक बेहद गहरा और भावुक कैप्शन लिखा। सोनू सूद ने लिखा कि बारिश लौट आई है और इसके साथ ही पुरानी यादें भी वापस आ गई हैं। एक्टर के इस एक वाक्य ने उनके फैंस को भावुक कर दिया। लोग उनके इस अंदाज को देखकर उनके पुराने दिनों और उनके द्वारा किए गए संघर्षों को याद करने लगे। सोशल मीडिया पर लोग लगातार उनकी इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
सोनू सूद के वीडियो पर उनके फैंस की ओर से कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जहां बारिश लोगों को सुस्त बना देती है, वहीं सोनू सूद की यह ऊर्जा लोगों के भीतर एक नया जोश भर रही है।
वहीं कुछ फैंस ने बेहद रचनात्मक तरीके से अपनी बात रखी। कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने लिखा कि 'आज के इस दौर में कागज की कश्तियां भी इस बात पर हैरान हैं कि आधुनिकता के चलते आज का बच्चा इस असली बारिश के आनंद से कितना अनजान हो चुका है।'
अक्सर सोशल मीडिया पर छाए रहने वाले सोनू सूद अपने किसी ना किसी अलग अंदाज में दिखाए देते है। हाल ही में एक्टर सोनू सूद ने इंडियन रेलवे की आधुनिक पहचान बन चुकी ‘वंदे भारत ट्रेन’ में यात्रा की थी।
इस आधुनिक और तेज रफ्तार ‘वंदे भारत ट्रेन’ ट्रेन के आरामदायक यात्रा ने सोनू सूद को उनके जीवन के उस दौर की याद दिला दी, जब वे एक आम इंसान की तरह आंखों में बड़े सपने लिए पहली बार मुंबई आ रहे थे।