सोनाली बेंद्रे ने एक्टिंग के बाद संभाली नई जिम्मेदारी, सोलह की कहानी सुनकर हो गई थीं भावुक, किया बड़ा खुलासा

Sonali Bendre New Role: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे ने फिल्म सोलह के साथ बतौर प्रेजेंटर अपने नए सफर की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उम्मीद, हिम्मत और आम लोगों की अनकही ताकत की कहानी है।
Sonali Bendre Film Solah Presenter Movie New Role
सोनाली बेंद्रे (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Sonali Bendre Presenter: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे अब सिर्फ पर्दे पर अभिनय ही नहीं, बल्कि दमदार कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाने की नई भूमिका में भी नजर आएंगी। उन्होंने फिल्म 'सोलह' के साथ बतौर प्रेजेंटर अपने नए सफर की शुरुआत की है। यह उनके करियर का एक नया अध्याय माना जा रहा है। प्रेजेंटर के तौर पर सोनाली का मकसद ऐसी फिल्मों को समर्थन देना है, जो मनोरंजन के साथ-साथ दर्शकों को सोचने पर मजबूर करें और लंबे समय तक उनके दिल-दिमाग में बनी रहें।

सोनाली बेंद्रे ने बताया कि 'सोलह' उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक भावनात्मक अनुभव है। उन्होंने कहा कि जब पहली बार उन्होंने फिल्म की कहानी सुनी, तो वह काफी देर तक शांत रहीं और उसके प्रभाव से बाहर नहीं निकल सकीं। उनके मुताबिक, यह फिल्म उम्मीद, साहस और आम इंसानों की उस आंतरिक ताकत की कहानी है, जिसकी चर्चा अक्सर नहीं होती।

संघर्षों ने बदल दी जिंदगी को देखने की सोच

सोनाली बेंद्रे ने कहा कि उन्हें हमेशा ऐसी कहानियां पसंद रही हैं, जो फिल्म खत्म होने के बाद भी दर्शकों के भीतर जिंदा रहें और जिंदगी को देखने का नजरिया बदल दें। सोनाली बेंद्रे ने अपने जीवन के कठिन दौर को याद करते हुए कहा कि बीमारी, संघर्ष और उससे उबरने के अनुभव ने उन्हें उम्मीद और हिम्मत की असली कीमत समझाई है। उनका मानना है कि इसी वजह से वह 'सोलह' जैसी प्रेरणादायक फिल्म से अपने प्रेजेंटर करियर की शुरुआत करना चाहती थीं।

16 अक्टूबर को रिलीज होगी सोलह

सोनाली बेंद्रे ने कहा कि अब उनकी कोशिश रहेगी कि ऐसे नए फिल्मकारों और कहानीकारों को मंच मिले, जिनकी कहानियां लोगों तक पहुंचनी चाहिए, लेकिन अब तक उन्हें पर्याप्त पहचान नहीं मिल सकी। फिल्म 'सोलह' का निर्माण रोज मूवीज और कैरीऑन पिक्चर्स ने मिलकर किया है। यह फिल्म 16 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सोनाली को उम्मीद है कि जिस तरह इस कहानी ने उन्हें भावुक किया, उसी तरह दर्शक भी फिल्म देखकर एक खास एहसास अपने साथ लेकर सिनेमाघर से बाहर निकलेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com