

Sohail Khan Wild Card Entry: अभिनेता सोहेल खान ने रियलिटी शो ‘अलायंस’ में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर धमाकेदार एंट्री कर ली है। यह उनके करियर का पहला रियलिटी शो होने के साथ-साथ ओटीटी डेब्यू भी है। शो में आते ही सोहेल ने अपने बेबाक अंदाज से सभी का ध्यान खींच लिया। हाल ही में सामने आए एक प्रोमो में उन्होंने अपने साथी प्रतियोगियों को साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें कमजोर समझने की गलती कोई न करे।
शो के नए प्रोमो में सोहेल खान पूरे आत्मविश्वास के साथ कहते नजर आते हैं कि लोगों को लगता है कि मैं सॉफ्ट हूं, अपने में रहता हूं। मेरे साथ उंगली करने की कोशिश मत करना, नहीं तो सोहेल खान जाग जाएगा। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी उनके इस अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं।
सोहेल ने कहा कि जिंदगी में कई मुश्किलें आईं, लेकिन उन्होंने कभी उन पर रोने के बजाय आगे बढ़ने का रास्ता चुना। उनके मुताबिक, यही सोच उन्हें हर चुनौती का सामना करने की ताकत देती है। घर में प्रवेश करते ही शो के होस्ट कुणाल खेमू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सोहेल ने बताया कि रियलिटी शो में हिस्सा लेना उनके लिए आसान फैसला नहीं था, लेकिन वह अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलना चाहते थे।
'अलायंस' एक रणनीति आधारित रियलिटी शो है, जिसमें शुरुआत में 16 प्रतियोगियों की जोड़ियां बनाई गई थीं। हालांकि पहले ही एपिसोड में सभी को अलग करके चार टीमों में बांट दिया गया। शो में बने रहने के लिए कंटेस्टेंट्स को शारीरिक ताकत के साथ-साथ मानसिक मजबूती और रणनीतिक सोच का भी परिचय देना होगा। हर सप्ताह दो प्रतियोगी एलिमिनेट होंगे और उनकी जगह दो नए वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट्स की एंट्री होगी।
सोहेल खान ने शो में वंशज सिंह की जगह वाइल्ड कार्ड एंट्री की है। इससे पहले उन्होंने पैपराजी से बातचीत में दर्शकों से अपना समर्थन बनाए रखने की अपील की थी। वहीं, अभिनेता रवि किशन भी इस शो का हिस्सा थे, लेकिन अन्य पेशेवर व्यस्तताओं के चलते उन्होंने शो छोड़ दिया। अब देखना दिलचस्प होगा कि सोहेल खान अपनी रणनीति और दमदार अंदाज से इस शो में कितनी दूर तक का सफर तय कर पाते हैं।