सिंगर जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर कब पहुंचेगा भारत, CM हिमंत बिस्वा सरमा ने दी जानकारी

Zubeen Garg Passes Away: असम के मशहूर गायक और अभिनेता जुबीन गर्ग के निधन ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है। सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई दुर्घटना में 52 वर्षीय जुबीन की जान चली गई।
सिंगर जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर कब पहुंचेगा भारत, CM हिमंत बिस्वा सरमा ने दी जानकारी
सिंगर जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर कब पहुंचेगा भारत
Updated on

Zubeen Garg Death: असम के मशहूर गायक और अभिनेता जुबीन गर्ग का निधन संगीत जगत के लिए गहरा सदमा लेकर आया है। 52 वर्षीय जुबीन की मौत सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई एक दुर्घटना में हो गई। वह नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में परफॉर्म करने के लिए वहां पहुंचे थे। उनकी असमय मौत से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को जानकारी दी कि जुबीन गर्ग के शव का पोस्टमार्टम सिंगापुर के अधिकारियों द्वारा पूरा कर लिया गया है। भारतीय दूतावास और गर्ग के साथ गए दल की मौजूदगी में उनके पार्थिव शरीर को भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि हमारे प्रिय जुबीन का पार्थिव शरीर औपचारिकताएं पूरी होते ही भारत लाया जाएगा।

कैसे हुआ हादसा

मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि जुबीन गर्ग डाइविंग ट्रिप पर 17 अन्य लोगों के साथ गए थे। पानी में उतरने के बाद उन्होंने अपनी लाइफ जैकेट उतार दी और उसे ओवरसाइज़्ड बताया। क्रू मेंबर्स और गार्ड्स ने बार-बार उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने नहीं पहनी। थोड़ी ही देर में वह समुद्र में तैरते हुए बेहोश पाए गए। मौके पर सीपीआर दिया गया और तुरंत सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भारत में आगमन और अंतिम दर्शन

मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर शनिवार शाम तक दिल्ली और वहां से गुवाहाटी लाया जाएगा। गुवाहाटी पहुंचने के बाद उनके पार्थिव शरीर को जनता के अंतिम दर्शन के लिए सरुसजाई स्टेडियम में रखा जाएगा। सरमा ने यह भी बताया कि जुबीन गर्ग के पिता अस्वस्थ हैं, ऐसे में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को लेकर अंतिम निर्णय परिवार ही करेगा।

संगीत जगत में शोक

सरकार ने आश्वासन दिया है कि पार्थिव शरीर के गुवाहाटी पहुंचने के बाद दाह संस्कार और स्मारक व्यवस्था पर पूरा सहयोग किया जाएगा। असमिया, बंगाली और हिंदी फिल्मों में अपने सुरों का जादू बिखेरने वाले जुबीन गर्ग को लोग 'रॉकस्टार ऑफ नॉर्थ ईस्ट' भी कहते थे। उनकी अचानक मौत से न सिर्फ असम, बल्कि पूरे भारत में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके अमर गीतों को याद कर भावुक हो रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com