गायक बादशाह और हनी सिंह (सौजन्यः सोशल मीडिया)
नई दिल्ली: रैपर बादशाह ने हनी सिंह के साथ चल रही सालों पुरानी लड़ाई को खत्म करने का ऐलान कर दिया है। देहरादून में हुए GraFest 2024 में रैपर बादशाह ने हनी सिंह संग के साथ लंबे समय से जारी मनमुटाव को सार्वजनिक रूप से खत्म कर दिया। बादशाह (38) ने शुक्रवार को अपनी प्रस्तुति के दौरान कहा कि वह आगे बढ़ने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा, “मेरे जीवन में एक ऐसा समय था जहां मेरे मन में एक व्यक्ति के प्रति ईर्ष्या थी और अब, मैं कहना चाहता हूं – उस ईर्ष्या को पीछे छोड़कर आगे बढ़ जाओ – और वह हनी सिंह हैं।”
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ गलतफहमी की वजह से मैं नाखुश था लेकिन मैंने महसूस किया कि जब हम साथ थे, ‘जोड़ने वाले बहुत कम थे, तोड़ने वाले बहुत थे। आज, मैं सबसे केवल यही कहना चाहता हूं कि मैं उस वक्त को पीछे छोड़ चुका हूं और मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।” सिंह (41) ने अभी बादशाह के बयान पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
बादशाह और सिंह देश के शीर्ष रैपर समझे जाते हैं और बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक हैं। दोनों कलाकारों ने रैप बैंड ‘माफिया मुंडीर’ के तहत एक साथ शुरुआत की थी और इस बैंड में इक्का, लिल गोलू और रफ्तार भी थे। इस बैंड ने ‘खोल बोतल’, ‘बेगानी नार बुरी’, और ‘दिल्ली की दीवाने’ जैसे कई हिट गीत दिये। सार्वजनिक रूप से मनमुटाव होने के बाद दोनों ने अपनी राहें अलग कर ली और सोशल मीडिया पर वे एक-दूसरे पर निशाना साधते रहे थे।