डेब्यू में बने हार्टथ्रोब, फिर फ्लॉप फिल्मों की लगी लाइन, शेरशाह ने बचाया सिद्धार्थ मल्होत्रा का करियर

Sidharth Malhotra Career Struggle: डेब्यू से ही हार्टथ्रोब बने सिद्धार्थ मल्होत्रा को शुरुआती सफलता के बाद कई फ्लॉप फिल्मों का सामना करना पड़ा। 2021 में रिलीज ‘शेरशाह’ ने उनके करियर को नई दिशा दी।
sidharth malhotra career struggle sher shaah comeback
सिद्धार्थ मल्होत्रा (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Published on: 
Updated on: 

Sidharth Malhotra Birthday Special: बॉलीवुड में हर साल कई नए चेहरे आते हैं, लेकिन कुछ ही ऐसे होते हैं जो अपने डेब्यू से ही दर्शकों के दिलों में जगह बना लेते हैं। सिद्धार्थ मल्होत्रा उन्हीं चुनिंदा सितारों में शामिल हैं। शानदार पर्सनैलिटी, चार्मिंग लुक्स और शांत स्वभाव के चलते सिद्धार्थ ने पहली ही फिल्म से खुद को ‘हैंडसम हंक’ के तौर पर स्थापित कर लिया था। हालांकि, यह सफर जितना चमकदार दिखता है, उतना ही उतार-चढ़ाव भरा भी रहा। 16 जनवरी को सिद्धार्थ मल्होत्रा अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं, ऐसे में उनके करियर पर नजर डालना दिलचस्प हो जाता है।

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने फिल्मी दुनिया में कदम बतौर अभिनेता नहीं, बल्कि असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में रखा था। साल 2010 में आई करण जौहर की फिल्म ‘माय नेम इज खान’ में उन्होंने पर्दे के पीछे काम किया। इसी दौरान करण जौहर की नजर उन पर पड़ी और दो साल बाद 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से उन्हें बतौर लीड एक्टर लॉन्च किया गया। आलिया भट्ट और वरुण धवन के साथ इस फिल्म ने न सिर्फ तीन नए सितारे दिए, बल्कि सिद्धार्थ को रातों-रात यूथ आइकन भी बना दिया।

सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्में

डेब्यू के बाद सिद्धार्थ से काफी उम्मीदें थीं। 2014 में आई ‘हंसी तो फंसी’ को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन ‘एक विलेन’ ने उनके करियर को मजबूत किया और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की। इसके बाद ऐसा दौर आया, जब एक के बाद एक उनकी कई फिल्में फ्लॉप साबित हुईं। ‘ब्रदर्स’, ‘बार-बार देखो’, ‘ए जेंटलमैन’, ‘इत्तेफाक’, ‘अय्यारी’, ‘जबरिया जोड़ी’ और ‘मरजावां’ जैसी फिल्मों ने उनके करियर को झटका दिया। एक समय ऐसा भी आया जब उनकी स्टार इमेज पर सवाल उठने लगे।

सिद्धार्थ मल्होत्रा का शेरशाह से कम बैक

लेकिन असली मोड़ आया साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘शेरशाह’ से। अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कारगिल युद्ध के हीरो कैप्टन विक्रम बत्रा का किरदार निभाया। उनकी दमदार एक्टिंग और देशभक्ति से भरी कहानी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। ‘शेरशाह’ न सिर्फ उस साल की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में शामिल हुई, बल्कि इसने सिद्धार्थ को एक भरोसेमंद अभिनेता के रूप में फिर से स्थापित कर दिया। इसी दौरान कियारा आडवाणी के साथ उनकी प्रेम कहानी परवान चढ़ी। साल 2023 में दोनों ने शादी कर ली।

Navbharat Live
navbharatlive.com