‘श्री बाबा नीब करोरी महाराज’ का टीजर जारी, सुबोध भावे के लुक ने बढ़ाई उत्सुकता, इस दिन होगी रिलीज

Shri Baba Neeb Karori Maharaj Movie: श्री बाबा नीब करोरी महाराज का टीजर रिलीज हो गया है, जिसमें सुबोध भावे नीम करोली बाबा के किरदार में नजर आए हैं। चलिए जानते हैं फिल्म में क्या है खास।
Neem Karoli Baba film teaser
श्री बाबा नीब करोरी महाराज (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Shri Baba Neeb Karori Maharaj Cast: महान संत नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म श्री बाबा नीब करोरी महाराज का टीजर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। इस फिल्म में मराठी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता सुबोध भावे संत नीम करोली बाबा का किरदार निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

श्री बाबा नीब करोरी महाराज टीजर रिलीज

फिल्म के टीजर की शुरुआत सुबोध भावे के शांत और गहन मुद्रा में बैठे दृश्य से होती है। इसके बाद बैकग्राउंड में एक भावनात्मक आवाज सुनाई देती है, जिसमें कहा जाता है...“देख, मैं आ गया हूं तेरे लिए… इसी दिन का इंतजार था ना तुझे?” इस दौरान अभिनेता राजेश शर्मा को हाथ जोड़कर बाबा के सामने खड़े दिखाया गया है। टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं और लोग कास्टिंग की सराहना कर रहे हैं।

सुबोध भावे केवल एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि लेखक, निर्देशक और निर्माता के रूप में भी पहचान रखते हैं। उन्होंने साल 2000 में टेलीविजन से अपने करियर की शुरुआत की थी और कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया। इसके बाद उन्होंने 2002 में मराठी फिल्मों में कदम रखा और वहां अपनी अलग पहचान बनाई। उनके करियर की चर्चित फिल्मों में कट्यार कलजात घुसली जैसी सफल फिल्म भी शामिल है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था और उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार भी दिलाया था।

फिल्म ये अनुभवी कलाकार आएंगे नजर

फिल्म ‘श्री बाबा नीब करोरी महाराज’ में कई अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनमें हितेन तेजवानी, स्मिता तांबे, मिलिंद गुणाजी, हेमंत पांडे और अनिरुद्ध दवे जैसे नाम शामिल हैं। फिल्म का निर्देशन शरद सिंह ठाकुर ने किया है, जबकि इसके निर्माण की जिम्मेदारी कई निर्माताओं ने मिलकर संभाली है।

अगर बात करें नीम करोली बाबा के जीवन की, तो उन्हें 20वीं सदी के महान संतों में गिना जाता है। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के अकबरपुर में हुआ था और उनका मूल नाम लक्ष्मीनारायण शर्मा था। बताया जाता है कि उन्होंने छोटी उम्र में ही घर छोड़कर आध्यात्मिक मार्ग अपना लिया था। श्रद्धालुओं के अनुसार, उनके पास अद्भुत आध्यात्मिक शक्तियां थीं और वह लोगों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान बताते थे।

आज भी देश-विदेश के कई प्रसिद्ध लोग उनके भक्त माने जाते हैं। अनुष्का शर्मा, विराट कोहली, सामंथा रुथ प्रभु और कैलाश खेर जैसे कई चर्चित नाम समय-समय पर उनके आश्रम और मंदिरों में दर्शन करने पहुंचते रहे हैं। अब दर्शकों को इस फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है, जिसमें संत के जीवन की प्रेरणादायक झलक देखने को मिलेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com