जब बैंक ने ठुकरा दिया था श्रेयस तलपड़े का होम लोन, शाहरुख खान के एक लेटर से पूरा हुआ घर खरीदने का सपना

Shreyas Talpade Loan: श्रेयस तलपड़े ने कहा कि मुंबई में पहला घर खरीदने के दौरान बैंक ने उन्हें लोन देने से इनकार कर दिया था। शाहरुख खान के साइन वाला लेटर मिलने के बाद बैंक ने उनका लोन मंजूर कर दिया।
Shreyas Talpade Home Loan Shah Rukh Khan Letter Om Shanti Om
श्रेयस तलपड़े और शाहरुख खान (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
Updated on

Shreyas Talpade Home Loan Story: बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े आज इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब मुंबई में अपना पहला घर खरीदना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया था। बैंक ने उन्हें होम लोन देने से इनकार कर दिया था। ऐसे कठिन समय में शाहरुख खान और निर्देशक फराह खान उनकी मदद के लिए आगे आए।

हाल ही में श्रेयस ने इस भावुक किस्से का खुलासा करते हुए बताया कि कैसे शाहरुख खान के एक लेटर ने उनके सपनों का आशियाना दिलाने में अहम भूमिका निभाई। श्रेयस ने यह कहानी फराह खान के यूट्यूब व्लॉग में साझा की, जहां फराह उनके घर पहुंची थीं। बातचीत के दौरान अभिनेता ने बताया कि साल 2007 में रिलीज हुई 'ओम शांति ओम' उनकी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ दोनों के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई।

बैंक ने होम लोन देने से किया था इनकार

श्रेयस तलपड़े ने बताया कि जब वह अपने पहले घर के लिए बैंक में होम लोन लेने पहुंचे, तब जरूरी दस्तावेज और बैंक की शर्तों के कारण उनका आवेदन मंजूर नहीं हो पा रहा था। बैंक के अधिकारी उन्हें लोन देने के लिए तैयार नहीं थे। इसी दौरान बैंक की एक महिला अधिकारी ने उनसे पूछा कि वह इन दिनों किस फिल्म में काम कर रहे हैं।

श्रेयस तलपड़े की फिल्म

श्रेयस तलपड़े ने बताया कि वह 'ओम शांति ओम' की शूटिंग कर रहे हैं। इसके बाद अधिकारी ने फिल्म के कलाकारों और निर्देशक के बारे में पूछा। जब श्रेयस ने शाहरुख खान और फराह खान का नाम लिया तो महिला अधिकारी ने उनसे इस बात का कोई आधिकारिक प्रमाण या लेटर लाने को कहा। बैंक से लौटने के बाद श्रेयस ने अपनी परेशानी फराह खान को बताई।

शाहरुख खान के साइन वाला लेटर बना सहारा

फराह ने तुरंत शाहरुख खान से बात की और सिर्फ दो दिनों के भीतर अभिनेता के साइन वाला आधिकारिक कन्फर्मेशन लेटर तैयार करवा दिया। श्रेयस ने बताया कि जैसे ही उन्होंने वह लेटर बैंक में जमा किया, उसी दिन शाम तक उनका होम लोन मंजूर हो गया। उन्होंने माना कि अगर शाहरुख और फराह उस समय मदद नहीं करते तो शायद उनका घर खरीदने का सपना पूरा होने में काफी वक्त लग जाता।

ओम शांति ओम बनी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट

इस किस्से को सुनकर फराह खान भी भावुक हो गईं। हालांकि उन्होंने अपने मजाकिया अंदाज में कहा कि मुझे आज भी याद है कि 'ओम शांति ओम' के लिए हमने तुम्हें कितने कम पैसे दिए थे। इस बात पर श्रेयस और उनकी पत्नी हंस पड़े। गौरतलब है कि 'ओम शांति ओम' साल 2007 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही थी। फिल्म में श्रेयस तलपड़े ने शाहरुख खान के दोस्त 'पप्पू मास्टर' का यादगार किरदार निभाया था, जबकि इसी फिल्म से दीपिका पादुकोण ने बॉलीवुड में अपने करियर की शानदार शुरुआत की थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com