यश की 'टॉक्सिक' के चलते बदल सकती है श्रद्धा कपूर की 'ईठा' की रिलीज, मेकर्स कर रहे नई तारीख पर विचार

Eetha Release Date: यश की फिल्म 'टॉक्सिक' 26 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉक्स ऑफिस क्लैश से बचने के लिए श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' की रिलीज डेट बदली जा सकती है।
Toxic Movie Shraddha Kapoor Eetha Release Date
टॉक्सिक और ईठा (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
Updated on

Shraddha Kapoor Eetha Release Date: साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक' की नई रिलीज डेट सामने आने के बाद बॉक्स ऑफिस समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। पहले मार्च में रिलीज होने वाली यह फिल्म अब 26 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है और इसी वजह से कई निर्माता अपनी फिल्मों की रिलीज डेट पर दोबारा विचार कर रहे हैं।

हाल ही में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'वन' की रिलीज डेट भी 'टॉक्सिक' से टकराव से बचने के लिए आगे बढ़ा दी गई। अब ऐसी ही चर्चाएं श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म 'ईठा' को लेकर भी तेज हो गई हैं। फिलहाल 'ईठा' की रिलीज डेट 28 अगस्त तय है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मेकर्स इस तारीख में बदलाव करने पर विचार कर रहे हैं।

क्या बदलेगी ईठा की रिलीज डेट

रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म्स बॉक्स ऑफिस क्लैश से बचने के लिए फिल्म को या तो पहले रिलीज कर सकता है या फिर इसकी रिलीज आगे बढ़ाई जा सकती है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट 28 अगस्त ही मानी जा रही है।

स्क्रीन शेयरिंग और कमाई पर पड़ सकता है असर

ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर 'टॉक्सिक' और 'ईठा' जैसी दो बड़ी फिल्में एक ही समय के आसपास रिलीज होती हैं, तो दोनों को स्क्रीन शेयरिंग की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। इससे न केवल सिनेमाघरों में शो की संख्या प्रभावित होगी, बल्कि दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी असर पड़ सकता है। यही वजह है कि कई निर्माता रिलीज डेट को लेकर रणनीति बना रहे हैं।

वीठाबाई की कहानी पर आधारित है ईठा

श्रद्धा कपूर की 'ईठा' एक फीमेल-सेंट्रिक फिल्म है, जिसका निर्देशन लक्ष्मण उटेकर ने किया है। यह फिल्म प्रसिद्ध मराठी तमाशा कलाकार वीठाबाई के जीवन से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म में रणदीप हुड्डा और जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का पहला टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसमें श्रद्धा कपूर का दमदार अवतार देखने को मिला। टीजर में उन्हें गर्भवती अवस्था में मंच पर डांस करते हुए दिखाया गया।

फिलहाल आधिकारिक ऐलान का इंतजार

'ईठा' की रिलीज डेट बदलने की खबरें फिलहाल मीडिया रिपोर्ट्स तक सीमित हैं। मेकर्स ने अभी तक किसी नई तारीख की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में अब सभी की नजर आधिकारिक घोषणा पर टिकी है कि क्या श्रद्धा कपूर की फिल्म वास्तव में यश की 'टॉक्सिक' से क्लैश टालने के लिए अपनी रिलीज डेट बदलेगी या तय समय पर ही सिनेमाघरों में पहुंचेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com