

Shilpa Shinde Career: टीवी इंडस्ट्री में अंगूरी भाभी के नाम से अपनी अमिट पहचान बनाने वाली पॉपुलर एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे की लाइफ संघर्ष और सफलताओं का अनोखा संगम रहा है। दर्शक पर्दे पर उनकी मुस्कान और संजीदा एक्टिंग को बेहद पसंद करते हैं। हालांकि इस चमक-दमक के पीछे एक ऐसी कहानी छिपी है, जिसमें पारिवारिक दुख, करियर का स्टर्गल और व्यक्तिगत रिश्ते टूटने का गहरा दर्द शामिल है। छोटी पर्दे पर दर्शकों को हंसाने वाली इस शिल्पा शिंदे ने अपनी असल जिंदगी में कई कठिन परिस्थितियों का अकेले ही सामना किया है।
शिल्पा का जन्म एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उनके पिता हाईकोर्ट में जज थे और परिवार की इच्छा थी कि वे भी कानून या प्रशासनिक सेवा के क्षेत्र में अपना करियर बनाएं। इसी कारण उन्होंने मनोविज्ञान सब्जेक्ट में अपनी पढ़ाई पूरी की। लेकिन उनका मन हमेशा से कला और एक्टिंग के क्षेत्र में रमता था। पारिवारिक उम्मीदों के उल्टे जाकर उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया। शुरुआती दिनों में छोटे पर्दे पर अपनी पहचान बनाने के लिए उन्हें काफी मेहनत और संघर्ष करना पड़ा।
शिल्पा शिंदे अपनी लाइफ में अपने पिता के बेहद करीब थीं और उन्हें अपना मार्गदर्शक मानती थीं। पिता के असमय निधन ने उनके जीवन में एक बड़ा शून्य पैदा कर दिया। इस घटना के बाद वे गहरे मानसिक तनाव और डिप्रेशन के दौर से गुजरने लगीं। इस कठिन समय में उन्होंने खुद को पूरी तरह से काम और सोशल मीडिया से दूर कर लिया था। लंबे समय तक संघर्ष करने और आत्मबल जुटाने के बाद ही वे इस गहरे दुख से बाहर निकल पाईं और दोबारा अपने करियर पर फोकस कर सकीं।
शिल्पा शिंदे की पर्सनल लाइफ भी मीडिया और फैंस के बीच काफी चर्चा में रही है। टीवी शो के सेट पर एक्टर रोमित राज के साथ उनकी मुलाकात हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई। दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए शादी करने का फैसला कर लिया था। शादी के कार्ड तक छप चुके थे और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। लेकिन अंतिम समय पर वैचारिक मतभेदों और आपसी समझ की कमी के कारण यह रिश्ता टूट गया। इस बड़े फैसले के बाद उन्होंने अकेले रहने का रास्ता चुना।
अपने करियर के दौरान शिल्पा शिंदे ने कई पॉपुलर शो में एक्टिंग की, लेकिन विवादों ने भी उनका पीछा कभी नहीं छोड़ा। एक फेमस कॉमेडी शो के प्रोड्यूसर के साथ हुए विवाद के कारण उन्हें शो छोड़ना पड़ा और इंडस्ट्री में कुछ समय के लिए बैन जैसी स्थिति बन गई।
हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और एक्टर सलमान खान के शो बिग बॉस में हिस्सा लेकर अपने मजबूत व्यक्तित्व का परिचय दिया। दर्शकों के अपार प्यार के दम पर उन्होंने बिग बॉस शो की ट्रॉफी अपने नाम की और साबित किया कि प्रतिभा किसी विवाद की मोहताज नहीं होती।