Cocktail 2 Collection: ‘कॉकटेल 2’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफानी प्रदर्शन, दूसरे दिन फिल्म ने दर्ज की बड़ी छलांग

Cocktail 2 Box Office Collection: शाहिद कपूर कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने दूसरे दिन 16.25 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया।
Shahid Kapoor Kriti Sanon Rashmika Mandanna Cocktail 2 Box Office Collection day 2
कॉकटेल 2 की कमाई (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Cocktail 2 Box Office Collection Day 2: शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर रोमांटिक ड्रामा ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के बाद से ही फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसका असर सीधे इसकी कमाई पर देखने को मिल रहा है। पहले दिन दमदार ओपनिंग लेने के बाद फिल्म ने दूसरे दिन भी अपनी रफ्तार बरकरार रखी और बॉक्स ऑफिस पर शानदार उछाल दर्ज किया।

फिल्म ‘कॉकटेल 2’ ने रिलीज के दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ग्रॉस 19.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं, नेट कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने दूसरे दिन 16.25 करोड़ रुपये अपने खाते में जोड़े। पहले दिन की कमाई के मुकाबले दूसरे दिन आए इस उछाल ने यह साफ कर दिया है कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर पॉजिटिव माहौल बना हुआ है। खासकर युवा दर्शक फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट को काफी पसंद कर रहे हैं।

दो दिनों में 29 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई

फिल्म के कुल कलेक्शन पर नजर डालें तो ‘कॉकटेल 2’ ने महज दो दिनों में 29.75 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। अब सभी की निगाहें रविवार के कलेक्शन पर टिकी हुई हैं, क्योंकि वीकेंड का फायदा फिल्म को और बड़ी कमाई दिला सकता है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर फिल्म को इसी तरह दर्शकों का समर्थन मिलता रहा तो यह शुरुआती वीकेंड में ही कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।

कॉकटेल से भी बेहतर रही शुरुआत

दिलचस्प बात यह है कि ‘कॉकटेल 2’ ने पहले दिन की कमाई के मामले में साल 2012 में रिलीज हुई कॉकटेल को भी पीछे छोड़ दिया है। हालांकि दोनों फिल्मों की कहानियां एक-दूसरे से अलग हैं, लेकिन सीक्वल होने के कारण दर्शकों की तुलना स्वाभाविक रूप से की जा रही है। फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। तीनों कलाकारों की केमिस्ट्री और अभिनय को दर्शकों से पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिल रही है।

रोमांस, दोस्ती और रिश्तों की कहानी

‘कॉकटेल 2’ की कहानी रोमांस, दोस्ती और रिश्तों में आने वाली उलझनों के इर्द-गिर्द घूमती है। हालांकि यह फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है, लेकिन इसकी कहानी और किरदार पूरी तरह नए हैं। रश्मिका भी साफ कर चुकी हैं कि फिल्म का पहले भाग की कहानी से कोई सीधा संबंध नहीं है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर कौन-कौन से नए रिकॉर्ड अपने नाम करती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com