Shahbaz Khan Birthday: कभी पर्दे पर खौफ बनकर छाए शाहबाज खान, रामलीला में भी निभा चुके हैं रावण का किरदार

Shahbaz Khan Movies And TV Shows: अभिनेता शाहबाज खान आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। मशहूर संगीतकार उस्ताद अमीर खान के बेटे शाहबाज खान ने टीवी और फिल्मों में कई दमदार भूमिकाएं निभाई हैं।
shahbaz khan birthday ustad amir khan son bollywood villain career
शाहबाज खान (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Shahbaz Khan Career: टीवी और फिल्मों में अपने दमदार नेगेटिव किरदारों के लिए मशहूर अभिनेता शाहबाज खान आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार हुए हैं जिन्होंने खलनायक के किरदारों से अपनी खास पहचान बनाई, और शाहबाज खान भी उन्हीं में से एक हैं। उन्होंने टीवी और बॉलीवुड दोनों में कई यादगार भूमिकाएं निभाई हैं।

शाहबाज खान का जन्म 10 मार्च 1966 को हुआ था। अभिनय की दुनिया में आने से पहले ही उन्हें कला का माहौल घर से मिला था। उनके पिता मशहूर शास्त्रीय संगीतकार उस्ताद अमीर खान थे, जिन्हें हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में इंदौर घराने का संस्थापक माना जाता है। संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था।

टीवी से शुरू हुआ करियर

हालांकि शाहबाज खान ने अपने पिता की तरह संगीत की राह नहीं चुनी और अभिनय को अपना करियर बनाया। अपने दमदार व्यक्तित्व और प्रभावशाली आवाज के कारण उन्होंने जल्दी ही इंडस्ट्री में पहचान बना ली। शाहबाज खान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी। उन्हें सबसे पहले मशहूर शो द स्वॉर्ड ऑफ टीपू सुल्तान में देखा गया था, जिसे संजय खान ने बनाया था।

शाहबाज खान को मिला बड़ा ब्रेक

शाहबाज खान को बड़ा ब्रेक टीवी के लोकप्रिय फैंटेसी शो चंद्रकांता में मिला, जहां उन्होंने अहम भूमिका निभाई। इस शो के जरिए वह घर-घर में पहचान बनाने में सफल रहे। इसके अलावा उन्होंने आहट, CID, ये रिश्ता क्या कहलाता है और फिर लौट आई नागिन जैसे कई लोकप्रिय टीवी सीरियल्स में काम किया है। टीवी के साथ-साथ शाहबाज खान ने बॉलीवुड फिल्मों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। उन्होंने कई फिल्मों में खलनायक के रूप में प्रभावशाली अभिनय किया।

शाहबाज खान की फिल्में

शाहबाज खान की फिल्मों में किला, हिंदुस्तान की कसम, चल मेरे भाई, राजू चाचा, टैंगो चार्ली और बिग ब्रदर जैसी फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों में उन्होंने ज्यादातर नकारात्मक किरदार निभाए, जिन्हें दर्शकों ने काफी पसंद किया। कम ही लोग जानते हैं कि शाहबाज खान अयोध्या की प्रसिद्ध रामलीला में भी हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने लगातार तीन साल तक रामलीला में रावण का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा था। फिलहाल शाहबाज खान फिल्मों में कम नजर आते हैं, लेकिन छोटे पर्दे पर वह अभी भी सक्रिय हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com