

Highlights
जावेद अख्तर हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर पत्नी शबाना आजमी के साथ नजर आए।
इस दौरान वह व्हीलचेयर पर बैठे दिखाई दिए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं।
Javed Akhtar Wheelchair: बॉलीवुड के दिग्गज गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई बयान या फिल्म नहीं, बल्कि उनका एक वीडियो है, जिसे देखने के बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं। दरअसल, जावेद अख्तर हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर अपनी पत्नी और अभिनेत्री शबाना आजमी के साथ नजर आए। इस दौरान वह व्हीलचेयर पर बैठे दिखाई दिए।
जावेद अख्तर का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही लोग सवाल करने लगे कि आखिर उन्हें क्या हुआ है। मुंबई एयरपोर्ट पर जावेद अख्तर व्हीलचेयर पर बैठे हुए थे, जबकि उनके साथ शबाना आजमी भी मौजूद थीं। पैपराजी ने जैसे ही उन्हें देखा, कैमरे में उनकी तस्वीरें और वीडियो कैद करने लगे। इस दौरान जावेद अख्तर मुस्कुराते हुए पैपराजी से बातचीत करते नजर आए।
इतना ही नहीं, पैपराजी के अनुरोध पर उन्होंने व्हीलचेयर से खड़े होकर पोज भी दिए। उनका यह अंदाज देखकर वहां मौजूद लोग भी उनसे बातचीत करते दिखे। हालांकि, जावेद अख्तर को व्हीलचेयर पर बैठने की जरूरत क्यों पड़ी या उनकी सेहत को लेकर कोई परेशानी है या नहीं, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यह पहली बार नहीं है जब जावेद अख्तर को एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर पर देखा गया हो। साल 2023 में भी वह इसी तरह एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए थे। उस समय जब पैपराजी उनकी तस्वीरें लेने लगे, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, 'रुक जाओ, उतर जाने दो, उसके बाद फोटो लेना, नहीं तो मैं बीमार लगूंगा।' इसके बाद उन्होंने यह भी कहा था कि दूर तक चलकर कौन जाए।
अब एक बार फिर उनका व्हीलचेयर पर नजर आना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, वीडियो में वह मुस्कुराते हुए और सहज अंदाज में लोगों से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।
जावेद अख्तर के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से बतौर गीतकार जुड़े थे। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी अहम भूमिकाओं में नजर आए। आमिर खान द्वारा प्रोड्यूस की गई यह फिल्म इसी साल अगस्त में रिलीज हुई थी।