

Highlights
शाहरुख खान उदयपुर में एक प्राइवेट मैरिज फंक्शन में शामिल हुए।
इस समारोह में उनके साथ सिंगर सोनू निगम भी मौजूद थे।
शाहरुख ने दूल्हे के साथ अपनी फिल्मों के गानों पर डांस किया।
Shah Rukh Khan Dance At Udaipur Wedding: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान जहां भी पहुंचते हैं, अपनी मौजूदगी से महफिल लूट लेते हैं। हाल ही में ऐसा ही नजारा उदयपुर में एक प्राइवेट मैरिज फंक्शन के दौरान देखने को मिला। यहां शाहरुख खान ने अपने अंदाज और डांस से शादी के जश्न को यादगार बना दिया। सोशल मीडिया पर इस फंक्शन के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें एक्टर दूल्हे के साथ अपनी फिल्मों के गानों पर डांस करते नजर आ रहे हैं।
उदयपुर में आयोजित इस निजी शादी समारोह में शाहरुख खान सिंगर सोनू निगम के साथ पहुंचे थे। जैसे ही किंग खान स्टेज पर आए, वहां मौजूद मेहमानों की निगाहें उन पर टिक गईं। उन्होंने दूल्हा-दुल्हन के साथ जमकर डांस किया और मेहमानों के साथ भी खूब मस्ती की। इस दौरान शाहरुख ने अपने मशहूर फिल्मी डायलॉग्स सुनाकर माहौल को और भी खास बना दिया। वायरल वीडियो में शाहरुख खान अपनी फिल्म 'ओम शांति ओम' का डायलॉग 'इतनी शिद्दत से' बोलते नजर आ रहे हैं। दूल्हे के साथ उनकी मजेदार बातचीत और अंदाज पर वहां मौजूद मेहमानों ने खूब तालियां बजाईं और उन्हें चीयर किया।
इस शादी समारोह का सबसे दिलचस्प पल तब देखने को मिला, जब शाहरुख खान लुंगी पहनकर स्टेज पर पहुंचे। उन्होंने अपनी फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' के हिट गाने 'लुंगी डांस' पर डांस किया। इतना ही नहीं, उन्होंने मेहमानों को भी स्टेज पर बुलाया और उनके साथ इस गाने पर जमकर ठुमके लगाए। दूल्हे के साथ शाहरुख का यह डांस वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
शादी के जश्न में शामिल होने के साथ-साथ शाहरुख खान अपनी आने वाली फिल्म 'किंग' को लेकर भी चर्चा में हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी नजर आएंगे। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के निर्माता जल्द ही इसके गानों और प्रमोशनल वीडियो को रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। बॉक्स ऑफिस पर 'किंग' का मुकाबला भी आसान नहीं होने वाला है। इसकी रिलीज से एक हफ्ते पहले 17 दिसंबर को मार्वल स्टूडियोज की 'एवेंजर्स: डूम्सडे' और 'ड्यून: पार्ट थ्री' सिनेमाघरों में दस्तक देंगी। ऐसे में शाहरुख की फिल्म के लिए बॉक्स ऑफिस पर कड़ी चुनौती रहने की उम्मीद है।