गंदे लिरिक्स, भद्दे डांस स्टेप्स...अश्लीलता की सारी हदें पार! नोरा-संजय दत्त के गाने पर मचा बवाल

Sarke Chunar Teri Sarke: नोरा फतेही-संजय दत्त के नए गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस गाने में अश्लील बोल और भद्दे डांस स्टेप्स का इस्तेमाल किया गया है।
Filthy lyrics, vulgar dance steps... crossing every boundary of obscenity! Uproar erupts over Nora and Sanjay Dutt's song.
नोरा-संजय दत्त के गाने पर मचा बवाल (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Nora Fatehi Song Controversy: फिल्म ‘केडी- द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस गाने को लेकर अब संजय दत्त और नोरा फतेही समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठ रही है। गाने के खिलाफ दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

संजय दत्त और नोरा फतेही के इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ी हुई है। लोग संजय दत्त, नोरा फतेही, गीतकार रकीब आलम और फिल्म के निर्देशक प्रेम के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि यह गाना अश्लीलता को बढ़ावा देता है।

सीधे तौर पर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल

यह फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसे लेकर पहले से ही काफी चर्चा है। शुरुआत में दर्शकों को यह गाना सामान्य लगा, लेकिन जैसे-जैसे इसके बोल आगे बढ़ते हैं, कई लोगों को वे आपत्तिजनक लगने लगे। कुछ लोगों का कहना है कि गाने में डबल मीनिंग नहीं बल्कि सीधे तौर पर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिसे वे स्वीकार नहीं कर पा रहे। गाने में नोरा फतेही अपने दमदार और एनर्जेटिक डांस स्टाइल में नजर आ रही हैं, जबकि संजय दत्त खलनायक जैसे अंदाज में दिखाई देते हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस गाने की आलोचना करते हुए इसे भोजपुरी गानों से भी ज्यादा भद्दा बता रहे हैं।

एफआईआर की मांग

एडवोकेट और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदगी ने फिल्म ‘केडी- द डेविल’ के इस विवादित गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में नोरा फतेही और संजय दत्त के अलावा गीतकार रकीब आलम और निर्देशक प्रेम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह गाना अश्लील और आपत्तिजनक है। इसके तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 और आईटी एक्ट के संबंधित प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि इस गाने को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

गौरतलब है कि ‘केडी- द डेविल’ कन्नड़ सिनेमा की एक बड़ा प्रोजेक्ट मानी जा रही है, जिसे पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म में ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में हैं, जबकि शिल्पा शेट्टी, वी रविचंद्रन और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह फिल्म 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com