

Highlights
सपना चौधरी ने तलाक की अर्जी देने की बात की पुष्टि की है।
सपना चौधरी और वीर साहू की शादी जनवरी 2020 में हुई थी।
सपना के बयान के बाद वीर साहू का वीडियो भी चर्चा में आ गया।
Sapna Veer Sahu Marriage Controversy: हरियाणवी डांसर सपना चौधरी और वीर साहू के बीच लंबे समय से चल रही अनबन की खबरों पर अब सपना ने खुद मुहर लगा दी है। जनवरी 2020 में शादीशुदा इस जोड़े के 2 बेटे हैं, लेकिन अब रिश्ता टूटने की कगार पर है। हाल ही की बातचीत में सपना ने तलाक की अर्जी दायर करने की बात कही और रिश्तों में सम्मान और कद्र की अहमियत पर अपनी राय रखी।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान सपना चौधरी ने कहा कि किसी भी रिश्ते को निभाने के लिए आपसी सम्मान, भावनाओं की समझ और सामने वाले की कोशिशों को महत्व देना जरूरी है। सपना चौधरी ने साफ किया कि अगर कोई उन्हें डिपरेशन या प्रताड़ना देगा तो वे भी चुप नहीं बैठेंगी। उनके ये शब्द इस ओर साफ इशारा करते है कि उन्होंने अपनी शादीशुदा जिंदगी में अपमान और दबाव का सामना किया है, जिसके चलते अलग होने का रास्ता चुनना पड़ा।
वीर साहू से तलाक की चर्चा के बीच लोगों ने बच्चों और उनके भविष्य को लेकर भी तरह-तरह की बातें कीं, जिस पर सपना चौधरी ने बेबाक तरीके से जवाब दिया। सपना ने कहा कि बच्चों की परवरिश कैसे करनी है, यह उन्हें बखूबी पता है और किसी को भी उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर राय बनाने का हक नहीं है। दूसरी शादी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे बेहद भावुक हैं और फिलहाल दोबारा शादी करने का कोई विचार उनके मन में नहीं है।
सपना चौधरी के बयान सामने आने के बाद उनके पति वीर साहू की ओर से इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया एक वीडियो भी सुर्खियों में आ गया। उस वीडियो में बेवजह शोर मचाने वालों को नजरअंदाज करने और हंसते हुए टाल देने जैसी बातें सुनाई देती हैं।
कई यूजर्स ने इस पोस्ट को सपना की बातों के जवाब के रूप में देखा, हालांकि दोनों के बीच की पूरी सच्चाई और कोर्ट की प्रक्रिया का फैसला आने वाले समय में ही साफ हो पाएगा।