Sapna Choudhary Case: 4 साल का प्यार, फिर की शादी...सपना चौधरी अब हुई घरेलू हिंसा का शिकार, जानिए पूरी कहानी

Sapna Choudhary Violence Case: मशहूर डांसर सपना चौधरी की घरेलू हिंसा याचिका पर द्वारका महिला कोर्ट ने उनके पति वीर साहू के खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक आदेश जारी करते हुए अंतरिम राहत दी है।
Sapna Choudhary Domestic Violence Case
सपना चौधरी और वीर साहू (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sapna Choudhary Case Domestic Violence: अपनी बेहतरीन स्टेज परफॉर्मेंस से लाखों दिलों पर राज करने वाली मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी इस समय अपनी पर्सनल लाइफ के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। हमेशा अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखने वाली सपना चौधरी ने अपने पति यशवीर साहू उर्फ वीर साहू के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराया है। इस केस की शुरुआती सुनवाई करते हुए द्वारका महिला अदालत ने सपना के हक में एक बहुत ही सख्त और बड़ा फैसला सुनाया है, जिसने सोशल मीडिया पर एक नई बहस की शुरुआत कर दी है।

दरअसल मशहूर डांसर सपना चौधरी ने दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में घरेलू हिंसा को लेकर एक याचिका दायर की थी। इस अर्जी में उन्होंने अपने शादीशुदा जीवन को लेकर कई गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। सपना चौधरी का कहना है कि 'उन्हें अपनी शादीशुदा जिंदगी में लगातार घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा है। इतना ही नहीं, उन्होंने अदालत के सामने यह डर भी जाहिर किया कि भविष्य में भी उनके साथ ऐसी अप्रिय घटनाएं दोबारा घट सकती हैं।' वहीं इस याचिका पर गंभीरता से सोच-विचार करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी निधि सिंह ने मामले की संवेदनशीलता को समझा और अभिनेत्री को महिला संरक्षण कानून के तहत सुरक्षा प्रदान की।

सपना चौधरी के आसपास भी नहीं फटक पाएंगे वीर

अदालत ने केस से जुड़े सबूतों और परिस्थितियों को देखते हुए वीर साहू पर कई कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। कोर्ट के अंतरिम आदेश के मुताबिक अगली सुनवाई होने तक यशवीर साहू अपनी पत्नी सपना चौधरी से किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं कर सकेंगे। कानूनन उन्हें सपना के घर, उनके काम करने की जगह और किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम जैसे फिल्म प्रीमियर या स्टेज शो के आसपास जाने से भी पूरी तरह रोक दिया गया है।

4 साल के प्यार के बाद रचाई थी शादी

डांसर सपना चौधरी हमेशा से अपनी पर्सनल लाइफ को सीक्रेट रखना पसंद करती थीं। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के बावजूद वह अपने परिवार की तस्वीरें शेयर करने से बचती थीं। बता दें कि साल 2020 के जनवरी महीने में उन्होंने हिसार के रहने वाले वीर साहू से शादी की थी। इससे पहले सपना चौधरी और वीर साहू दोनों ने एक-दूसरे को लगभग 4 साल तक डेट किया था। वीर साहू खुद गायक, संगीतकार, लेखक और अभिनेता हैं, जिन्होंने खलनायक और रसूक आला जाट जैसी हरियाणवी फिल्मों में काम किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com