

Samantha Ruth Prabhu Pregnancy: अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। मैटरनिटी ब्रेक पर चल रहीं सामंथा ने हाल ही में अपने पति राज निदिमोरू के साथ थाईलैंड के हुआ हिन में बिताए गए बेबीमून की कुछ खास तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। इन तस्वीरों में वह रिलैक्स मूड में नजर आ रही हैं और कुछ फोटोज में अपना बेबी बंप भी फ्लॉन्ट करती दिखाई दे रही हैं।
सामंथा की इन तस्वीरों को फैंस सोशल मीडिया पर खूब पसंद कर रहे हैं। तस्वीरों में कपल के बीच की बॉन्डिंग और साथ बिताए गए खूबसूरत पलों की झलक साफ देखने को मिल रही है। शेयर की गई तस्वीरों में सामंथा कभी हेल्दी फूड का आनंद लेती दिख रही हैं, तो कभी स्पा थेरेपी और वर्कआउट से खुद को फिट रखती नजर आ रही हैं। इसके अलावा उन्होंने थाईलैंड के खूबसूरत नजारों और स्थानीय जगहों की भी झलक दिखाई।
एक तस्वीर में सामंथा रुथ प्रभु अपने पति राज निदिमोरू को पीछे से गले लगाते हुए नजर आती हैं, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में वह आईपैड हाथ में लिए दिखाई देती हैं, जिस पर उनकी फिल्म 'मां इंटी बंगारम' के 100 करोड़ रुपये के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का पोस्टर नजर आ रहा है। इससे साफ है कि छुट्टियों के बीच भी वह अपने काम से जुड़ी हुई हैं।
तस्वीरें साझा करते हुए सामंथा ने कैप्शन में लिखा कि वेलनेस हमेशा से मेरी पसंदीदा तरह की यात्रा रही है। लंबे समय तक अपनी फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त रहने के बाद अभिनेत्री इन छुट्टियों में खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा करती नजर आईं। हाल ही में अपनी फिल्म 'मां इंटी बंगारम' की सफलता के जश्न के दौरान सामंथा ने यह भी बताया था कि प्रेग्नेंसी की घोषणा के बाद वह कुछ समय के लिए अभिनय से ब्रेक लेंगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सामंथा और राज निदिमोरू इस साल के आखिर तक अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाले हैं। दोनों ने दिसंबर 2025 में कोयंबटूर के ईशा योग सेंटर में एक निजी योगिक समारोह में शादी की थी। वर्कफ्रंट की बात करें तो सामंथा आखिरी बार 'मां इंटी बंगारम' में नजर आई थीं। इस महिला-प्रधान एक्शन ड्रामा फिल्म को उन्होंने राज निदिमोरू और हिमांक रेड्डी डुव्वुरु के साथ मिलकर प्रोड्यूस भी किया था।