

Salman Khan Tribute Pradeep Rawat Death: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके जाने से सिर्फ उनके प्रशंसक ही नहीं, बल्कि उनके साथ काम कर चुके कई सितारे भी गहरे दुख में हैं। इसी बीच सलमान खान ने भी प्रदीप रावत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। सलमान ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रदीप रावत के साथ एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें याद किया और भावुक संदेश लिखा।
सलमान खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में प्रदीप रावत के साथ बिताए पुराने दिनों को याद करते हुए लिखा कि तुम्हारे साथ कई अच्छे पल बिताए भाई। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे। छोटा लेकिन भावनाओं से भरा यह संदेश फैंस का दिल छू गया। दोनों कलाकारों ने फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय तक काम किया और अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के दौरान एक-दूसरे के साथ कई यादगार पल साझा किए।
ब्लड कैंसर से लंबी जंग के बाद हुआ निधन
प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले करीब पांच वर्षों से ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। लंबे इलाज के बावजूद वह जिंदगी की जंग हार गए। उनके निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक का माहौल छा गया। हाल ही में मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिवार के अलावा फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचीं।
प्रदीप रावत ने अपने चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने 150 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और खास तौर पर अपने दमदार विलेन किरदारों के लिए पहचाने गए। गजनी, लगान, सरफरोश, कोयला और अग्निपथ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को आज भी याद किया जाता है।
बीआर चोपड़ा के धारावाहिक ‘महाभारत’ में प्रदीप रावत ने अश्वत्थामा का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाई थी। प्रदीप रावत के निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसने अपने हर किरदार में जान डाल दी। सलमान खान की भावुक श्रद्धांजलि इस बात का प्रमाण है कि प्रदीप रावत सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता ही नहीं, बल्कि अपने साथियों के बीच भी बेहद सम्मानित और प्रिय इंसान थे।