

Salman Khan Film Monster: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान आने वाले समय में एक बार फिर बड़े एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं। अभिनेता डायरेक्टर वामशी पेडिपल्ली के साथ एक एक्शन-ड्रामा फिल्म पर काम कर रहे हैं, जिसे अगले साल ईद के मौके पर रिलीज किए जाने की चर्चा है। मेकर्स ने अभी फिल्म के आधिकारिक टाइटल का ऐलान नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स में इसका नाम 'मॉन्सटर' बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में एक बड़ा ट्रेन फाइट सीक्वेंस रखा गया है। इस सीन में सलमान खान का किरदार चलती ट्रेन के अंदर दुश्मनों से मुकाबला करता नजर आएगा। बताया जा रहा है कि यह फिल्म के अहम एक्शन सीन्स में से एक होगा। रिपोर्ट के अनुसार, इस सीक्वेंस की शूटिंग फिलहाल मुंबई के गोरेगांव स्थित आरे कॉलोनी में तैयार किए गए सेट पर की जा रही है। सलमान खान के बॉडी डबल परवेज काजी इस सीन की शूटिंग में हिस्सा ले रहे हैं।
परवेज काजी कुछ समय पहले स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते शूटिंग से दूर हो गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्ट से जुड़ी समस्या के कारण उन्हें आराम करना पड़ा था। उनकी गैरमौजूदगी के दौरान सलमान खान ने खुद कई एक्शन सीक्वेंस शूट किए थे। अब परवेज काजी ठीक होने के बाद दोबारा शूटिंग पर लौट आए हैं और आते ही फिल्म के एक्शन सीक्वेंस पर काम शुरू कर दिया है। मेकर्स को उम्मीद है कि ट्रेन फाइट से जुड़े इस हिस्से की शूटिंग जल्द पूरी कर ली जाएगी।
परवेज काजी लंबे समय से सलमान खान के बॉडी डबल के तौर पर काम कर रहे हैं। वह 'टाइगर जिंदा है', 'रेस 3' और 'दबंग 3' जैसी फिल्मों में भी सलमान के लिए एक्शन सीक्वेंस का हिस्सा रह चुके हैं। सलमान खान के बॉडी मूवमेंट और एक्शन स्टाइल को करीब से समझने की वजह से वह ऐसे सीन्स में टीम के लिए उपयोगी रहते हैं।
'मॉन्सटर' में सलमान खान के साथ नयनतारा नजर आएंगी। फिल्म में अभिमन्यु सिंह, राजपाल यादव, जैकी श्रॉफ और राहुल देव भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी और आधिकारिक टाइटल को लेकर मेकर्स की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।