

Salman Khan Instagram Post: टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े शो 'बिग बॉस' के सेट से आई एक खबर ने बीते दिन लाखों फैंस की सांसें थाम दी थीं। शो के दौरान सलमान खान अचानक सीने में दर्द की वजह से मंच पर ही बैठ गए और लेट गए। सोशल मीडिया पर इस वाकये के वीडियो वायरल होते ही उनके फैंस के बीच चिंता का माहौल बन गया। हालांकिअब इस पूरे मामले पर खुद भाईजान ने सामने आकर बड़ी बात कही है।
अपनी बिगड़ी सेहत की खबरों और सोशल मीडिया पर मचते हंगामे के बीच सलमान खान ने आधी रात को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने अपने सभी फैंस को आश्वस्त करते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा से उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने यह साफ किया कि जिस तरह से शो का प्रोमो काटा गया, उससे लोगों के बीच गलतफहमी फैल गई।
सलमान खान ने बताया कि शो के दौरान उन्होंने जो सीने में दर्द महसूस होने का ड्रामा किया था, वह दरअसल प्रतिभागी काजी तौकीर के बर्ताव का सच सामने लाने के लिए था। काजी ने शो में मनोरंजन के लिए अपनी तबीयत खराब होने का नाटक किया था, जिससे घर के 15 सदस्य परेशान हो गए थे। सलमान बस उन्हें यह अहसास कराना चाहते थे कि किसी बीमारी का झूठा नाटक करना कितना गलत होता है।
सलमान खान ने अपने बयान में बिग बॉस 20 प्रोमो के गलत तरीके से पेश किए जाने पर नाराजगी जताई और दर्शकों से माफी भी मांगी। उन्होंने लिखा कि प्रोमो को इस तरह एडिट नहीं किया जाना चाहिए था, क्योंकि इससे मैसेज का पूरा मतलब ही बदल गया। हालांकि बाद में एक और मैसेज शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि शो के मेकर्स ने इस गलती को ठीक कर लिया है।
इस खास एपिसोड के दौरान सलमान खान केवल अपने हेल्थ अपडेट को लेकर ही चर्चा में नहीं रहे, बल्कि वे सोशल मीडिया ट्रोलर्स पर भी काफी गुस्से में नजर आए। फिल्म इंडस्ट्री के सपोर्ट में उतरते हुए उन्होंने ट्रोलर्स को जमकर खरी-खोटी सुनाई। गुस्से में आकर उन्होंने मंच पर ही अपनी टी-शर्ट उतार दी और ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए खुली चुनौती दे डाली, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है।