AI ने बढ़ाई सलमान खान की टेंशन? दिल्ली हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला

Salman Khan News: दिल्ली हाईकोर्ट ने सलमान खान को चीन के AI वॉयस जनरेशन प्लेटफॉर्म की याचिका पर नोटिस जारी किया है, जिसमें 11 दिसंबर के अंतरिम आदेश को चुनौती दी गई है।
salman-khan-pan-masala-ad-case-non-bailable-warrant
सलमान खान (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Salman Khan AI Case: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जुड़ा एक अहम कानूनी मामला दिल्ली हाईकोर्ट में सामने आया है। हाईकोर्ट ने सलमान खान को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस चीन के एक AI वॉयस जनरेशन प्लेटफॉर्म की ओर से दायर याचिका पर जारी किया गया है। कोर्ट ने सलमान खान से चार सप्ताह के भीतर इस नोटिस पर जवाब मांगा है। इस मामले की अगली सुनवाई 27 फरवरी को तय की गई है।

दरअसल, याचिका में दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा पहले पारित किए गए अंतरिम आदेश को रद्द करने की मांग की गई है। यह अंतरिम आदेश 11 दिसंबर को पारित हुआ था, जिसमें सलमान खान की आवाज, नाम और पहचान के व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक लगाई गई थी। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि बिना अनुमति किसी भी AI प्लेटफॉर्म या व्यक्ति द्वारा सलमान खान की आवाज या पहचान का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

AI वॉयस विवाद में फंसे सलमान खान

चीन का यह AI वॉयस जनरेशन प्लेटफॉर्म हाईकोर्ट के उसी आदेश को चुनौती दे रहा है। याचिकाकर्ता का कहना है कि उसका मुख्य कारोबार AI तकनीक के जरिए विभिन्न शख्सियतों की वॉयस मॉडलिंग करना है और इस आदेश से उसके व्यवसाय पर सीधा असर पड़ रहा है। इसी आधार पर प्लेटफॉर्म ने अंतरिम आदेश को पलटने की मांग की है।

यह मामला सिर्फ सलमान खान तक सीमित नहीं है। बीते कुछ समय में कई बड़े बॉलीवुड सितारे AI से जुड़ी तकनीकों के गलत इस्तेमाल को लेकर चिंता जता चुके हैं। इससे पहले सलमान खान और अन्य अभिनेताओं ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया था, जहां उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर AI से बनाई गई आवाज और नाम के दुरुपयोग के जरिए हो रहे आर्थिक लाभ को रोकने की मांग की थी।

दिल्ली हाईकोर्ट नोटिस से मचा हड़कंप

सलमान खान ऐसे पहले अभिनेता नहीं हैं जिन्होंने अपनी निजता और पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया हो। उनसे पहले ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, अक्षय कुमार, करण जौहर और जैकी श्रॉफ जैसे कई बड़े नाम भी दिल्ली हाईकोर्ट में याचिकाएं दाखिल कर चुके हैं। इन सभी मामलों में कलाकारों ने AI के जरिए उनकी आवाज, चेहरे और पहचान के गलत इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है।

अब सभी की नजरें 27 फरवरी की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि AI तकनीक और सेलेब्रिटी प्राइवेसी के बीच संतुलन कैसे बनाया जाएगा। यह मामला भविष्य में AI और डिजिटल अधिकारों को लेकर एक अहम मिसाल बन सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com