

Highlights
साई पल्लवी की फिल्म 'ओम चैप्टर 1' का नया ट्रेलर रिलीज हो गया है।
साई पल्लवी फिल्म में आईपीएस ऑफिसर नित्या रेड्डी की भूमिका निभा रही हैं।
धनुष, ममूटी, मोहनलाल, श्रीलीला और नसीरुद्दीन शाह भी अहम किरदार में हैं।
फिल्म की कहानी लाल चंदन की तस्करी और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन पर आधारित है।
Om Chapter 1 Release Date: फिल्म रामायम में माता सीता का रोल निभाने वाली पॉपुलर एक्ट्रेस साई पल्लवी ने अपनी सादगी और बेहतरीन एक्टिंग से दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई है।
लेकिन अब उनका यह सादगी भरा रूप पूरी तरह से बदलता हुआ नजर आ रहा है। उनकी आने वाली फिल्म ओम चैप्टर 1 का नया ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें वह किसी आम रोल में नहीं बल्कि एक सख्त और निडर आईपीएस ऑफिसर का रोल निभाती दिख रही हैं।
फिल्म ओम में उनके साथ साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार धनुष और मोहनलाल भी अहम भूमिकाओं में हैं, जबकि एक्टर ममूटी इसमें विलेन का रोल निभा रहे हैं। ट्रेलर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है और दर्शक इस नए एक्शन लुक की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
फिल्म ओम चैप्टर-1 की कहानी 2 खूबसूरत मंदिर वाले शहरों के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जहां नेचर के साथ खिलवाड़ कर बड़े पैमाने पर लाल चंदन की अवैध तस्करी की जा रही है। अपराधी इन जंगलों और प्राकृतिक संपदा को इस तरह से नुकसान पहुंचा रहे हैं मानो वे किसी कानून से नहीं डरते।
इस अपराध को खत्म करने के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस ने एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया है, जिसे इस खतरनाक नेटवर्क की कमर तोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फिल्म के सीन और कलाकारों के तेवर देखकर यह साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कहानी रोमांच और एक्शन से भरपूर होने वाली है।
इस स्पेशल टास्क फोर्स की कमान एक तेज-तर्रार और जांबाज पुलिस ऑफिसर नित्या रेड्डी को सौंपी गई है, जिसे एक्ट्रेस साई पल्लवी ने बेहद संजीदगी और आक्रामकता के साथ बड़े पर्दे पर उतारा है। इस पूरे ऑपरेशन को सिक्रेट रखने के लिए इसे 'ऑपरेशन मोल' यानी ओम का कोडनेम दिया गया है।
फिल्म ओम के ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे यह टीम तस्करों के इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल देती है। साई पल्लवी का यह एक्शन भरा अंदाज उनके फैंस के लिए एक बहुत बड़ा सरप्राइज साबित हो रहा है, क्योंकि लोगों ने उन्हें अब तक ज्यादातर रोमांटिक या इमोशनल रोल में ही देखा है।
फिल्म ओम चैप्टर 1 में धनुष तमिलनाडु पुलिस की एक खुफिया इकाई के सदस्य का रोल निभा रहे हैं। इसके साथ ही ममूटी का खूंखार अंदाज और मोहनलाल की मौजूदगी इस फिल्म के रोमांच को कई गुना बढ़ा देती है। फिल्म में एक्ट्रेस श्रीलीला भी अहम रोल में दिखाई दे रही हैं, और इन सबके साथ दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह भी इस सिनेमाई सफर का हिस्सा हैं।
यह फिल्म आने वाली 20 नवंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही है। टीजर के बाद आए इस नए ट्रेलर ने फैंस के क्रेज को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। रामायण की सौम्य सीता से लेकर खाकी वर्दी में अपराधियों का खात्मा करने वाली एक सख्त पुलिस ऑफिसर तक का यह सफर साई पल्लवी के करियर का एक बहुत बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।