

Virender Sehwag Rise and Fall 2 Contestants: रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' के दूसरे सीजन का ऐलान हो चुका है और इस बार शो को क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग होस्ट करते नजर आएंगे। शो के ऐलान के बाद से ही दर्शकों के बीच इसके कंटेस्टेंट्स को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। अब संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में कई टीवी और फिल्मी सितारों के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि, इन नामों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीवी अभिनेता करण पटेल और अभिनेत्री स्वरा भास्कर 'राइज एंड फॉल 2' का हिस्सा बन सकते हैं। इनके अलावा ‘बिग बॉस 16’ फेम प्रियंका चाहर चौधरी का नाम भी संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में बताया जा रहा है। मंगलवार को वीरेंद्र सहवाग ने भी शो के संभावित खिलाड़ियों को लेकर कुछ संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि अगर यह पावर का गेम है तो खिलाड़ियों का चुनाव सोच-समझकर करना होगा। उनके इस बयान के बाद प्रियंका चाहर चौधरी, शहजाद पूनावाला, स्वरा भास्कर और करण पटेल के नामों को लेकर चर्चा और तेज हो गई।
संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में कई और चर्चित नाम शामिल हैं। अर्चना गौतम, रजत दलाल, अनम दरबार और शैलेश लोढ़ा के भी शो में नजर आने की खबरें हैं। इसके अलावा ‘स्प्लिट्सविला’ से जुड़े नामों में कायरा अनु, सोराब बेदी, निहारिका तिवारी और साक्षी श्रीवास का नाम भी सामने आया है। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर जीविका सिंह ने भी संभावित कंटेस्टेंट्स को लेकर जानकारी शेयर की है। वहीं, श्रुतिका अर्जुन, नेहल चुडासमा, दीप्ति छेत्री, प्रियंका जग्गा और अनुराग डोभाल के नाम भी चर्चा में हैं।
‘राइज एंड फॉल’ में कंटेस्टेंट्स को दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा जाता है। पिछले सीजन में कंटेस्टेंट्स को गोल्डन और सिल्वर सूटकेस में से चुनाव करना था। गोल्डन सूटकेस चुनने वाले कंटेस्टेंट्स ‘रूलर्स’ बने थे, जिन्हें आलीशान पेंटहाउस में रहने का मौका मिला। वहीं सिल्वर सूटकेस चुनने वाले ‘वर्कर्स’ बने और उन्हें बेसमेंट में रहना पड़ा।
वर्कर्स को अलग-अलग टास्क पूरे करने होते थे, जबकि रूलर्स के पास ज्यादा पावर होती थी। शो का ‘तख्ता पलट’ ट्विस्ट गेम को और दिलचस्प बनाता था, क्योंकि इसके जरिए वर्कर्स रूलर्स बन सकते थे और रूलर्स को बेसमेंट में जाना पड़ सकता था। अब देखना होगा कि दूसरे सीजन में यह पावर गेम किस तरह नया मोड़ लेता है।