रिहाना के घर पर फायरिंग से हड़कंप, टेस्ला कार में बैठी महिला ने चलाईं 10 गोलियां, सिंगर सुरक्षित
Rihanna Beverly Hills Shooting: अमेरिका के बेवर्ली हिल्स में पॉप स्टार रिहाना के घर पर एक महिला ने टेस्ला कार से करीब 10 राउंड फायरिंग की। घटना के समय सिंगर घर के अंदर थीं, लेकिन सुरक्षित रहीं।
- Written By: सोनाली झा
पॉप स्टार रिहाना (फोटो-सोशल मीडिया)
Rihanna House Firing: लॉस एंजेलिस: दुनिया की मशहूर पॉप स्टार रिहाना के घर पर फायरिंग की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अमेरिका के बेवर्ली हिल्स इलाके में स्थित उनके घर पर एक महिला ने कथित तौर पर कई राउंड गोलियां चला दीं। घटना के समय सिंगर अपने घर के अंदर मौजूद थीं, हालांकि राहत की बात यह है कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना 8 मार्च की दोपहर को हुई। जैसे ही पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली, लॉस एंजेलिस पुलिस डिपार्टमेंट तुरंत मौके पर पहुंच गई और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार पुलिस लगभग दोपहर 1 बजकर 21 मिनट पर घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के इलाके की तलाशी ली। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के पास से एक 30 वर्षीय महिला को हिरासत में लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
टेस्ला कार से चलाईं करीब 10 गोलियां
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी महिला एक सफेद रंग की टेस्ला कार में बैठी हुई थी। उसने कार के अंदर से ही रिहाना के घर की ओर कई राउंड फायरिंग की और फिर वहां से तेजी से निकल गई। पुलिस रेडियो से मिली जानकारी के अनुसार शुरुआती सूचना देने वाले ने बताया कि महिला ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि गोलीबारी का मकसद क्या था।
सम्बंधित ख़बरें
‘अगर मैं फेल हुआ तो इंडिया फेल हो जाएगा’, Manoj Bajpayee की नई फिल्म ‘गवर्नर द साइलेंट सेवियर’ का पोस्टर जारी
रणवीर सिंह पर Sara Arjun फिदा, बोलीं- उनके जैसा कोई नहीं, सीनियरिटी का कभी नहीं दिखाया रौब
Samay Raina की ‘स्टिल अलाइव’ से धमाकेदार वापसी, यूट्यूब पर बना सबसे ज्यादा देखा गया कॉमेडी स्पेशल
Madhubala Biopic: बड़े पर्दे नहीं, OTT पर आएगी मधुबाला की बायोपिक, सारा अर्जुन ने शुरू की खास तैयारी
परिवार के साथ घर में मौजूद थीं रिहाना
बताया जा रहा है कि जिस घर पर फायरिंग हुई, वहां रिहाना अपने पार्टनर A$AP रॉकी और अपने बच्चों के साथ रहती हैं। घटना के समय भी वह घर के अंदर ही मौजूद थीं। इस घटना के बाद उनके फैंस के बीच चिंता जरूर बढ़ गई थी, लेकिन पुलिस ने पुष्टि की है कि इस फायरिंग में कोई भी घायल नहीं हुआ और रिहाना पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। इसके अलावा अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने रिहाना के घर को निशाना क्यों बनाया।
ये भी पढ़ें- ‘लाहौर 1947’ का बदला नाम, अब नए टाइटल के साथ रिलीज होगी सनी देओल की फिल्म
पुलिस कर रही है मामले की जांच
लॉस एंजेलिस पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं इस घटना को लेकर अब तक रिहाना या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस घटना ने हॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में भी हलचल मचा दी है। फैंस सोशल मीडिया पर रिहाना की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि पुलिस जल्द ही इस मामले की पूरी सच्चाई सामने लाएगी।
