Mysaa Update: बिना बॉडी डबल के अंडरवॉटर एक्शन करती दिखेंगी रश्मिका मंदाना, मेकर्स ने शेयर की दमदार BTS झलक

Rashmika Mandanna Mysaa: रश्मिका मंदाना ने अपनी फिल्म 'मैसा' के लिए बिना बॉडी डबल के भारत का पहला फीमेल-लीड अंडरवॉटर फाइट सीन शूट किया। अभिनेत्री ने दो दिनों में करीब 20 घंटे पानी के अंदर स्टंट किए।
Rashmika Mandanna Mysaa Underwater Fight BTS Latest News Teaser Update
रश्मिका मंदाना (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rashmika Mandanna Underwater Fight: साउथ और बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अपनी अपकमिंग पैन-इंडिया फिल्म 'मैसा' को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। इस फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। मेकर्स के मुताबिक, रश्मिका भारतीय सिनेमा की पहली ऐसी अभिनेत्री बन गई हैं, जिन्होंने फीमेल-लीड अंडरवॉटर फाइट सीन खुद शूट किया है।

फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस की कुछ बीटीएस तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। इन तस्वीरों में रश्मिका कठिन परिस्थितियों में शूटिंग करती नजर आ रही हैं। मेकर्स ने बताया कि इस दमदार एक्शन सीन को पूरा करने के लिए अभिनेत्री ने दो दिनों में करीब 20 घंटे पानी के अंदर बिताए।

जल्द रिलीज होगा फिल्म का टीजर

मेकर्स ने पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि भारत का पहला फीमेल-लीड अंडरवॉटर फाइट सीन, जिसमें रश्मिका मंदाना ने मुख्य भूमिका निभाई है। सतह कभी सीमा नहीं थी, असली लड़ाई गहराई में छिपी है, जैसी भारतीय सिनेमा ने पहले कभी नहीं देखी। इसके साथ ही मेकर्स ने यह भी संकेत दिया कि फिल्म का टीजर जल्द ही रिलीज किया जाएगा।

रश्मिका मंदाना ने कही ये बात

रश्मिका मंदाना ने भी अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर कम सक्रिय रहने की वजह इसी फिल्म की शूटिंग थी। अभिनेत्री ने लिखा कि मुझे पता है कि मैं कुछ समय से गायब थी, लेकिन हम इसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। यह मेरी जिंदगी का अब तक का सबसे मुश्किल काम रहा है। हम सभी इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं और मैं भी दर्शकों को इसे दिखाने का इंतजार नहीं कर सकती।

आदिवासी पर आधारित होगी फिल्म

फिल्म 'मैसा' का निर्देशन रविंद्र पुल्ले कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण अनफॉर्मूला फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। यह एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर फिल्म होगी, जिसकी कहानी आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। यह रश्मिका मंदाना के करियर की पहली फीमेल-लीड पैन-इंडिया एक्शन फिल्म होगी। मेकर्स के मुताबिक 'मैसा' साल 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसका टीजर जल्द ही दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com