

Rashmika Mandanna Health Update: साउथ एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने आखिरकार अपनी हेल्थ को लेकर चल रही अटकलों पर खुद विराम लगा दिया है। फिल्म ‘मायसा’ की शूटिंग के दौरान लगी गंभीर चोट के बाद पहली बार उन्होंने सोशल मीडिया पर फैंस के साथ अपना स्वास्थ्य अपडेट शेयर किया। रश्मिका ने बताया कि उनके दाहिने कूल्हे का एक टेंडन अलग हो गया था, जिसकी वजह से फिलहाल उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी गई है।
रश्मिका मंदाना ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें शेयर करते हुए लंबा नोट लिखा। उन्होंने बताया कि यह चोट फिल्म ‘मायसा’ के एक डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान लगी थी। एक्ट्रेस ने लिखा कि उनके कूल्हे के दोनों तरफ मौजूद चार टेंडन में से दाहिने हिस्से का एक टेंडन अलग हो गया है, जिसे दोबारा जुड़ने में समय लगेगा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह अब तक की उनकी सबसे कठिन और एग्रेसिव फिल्म साबित हो रही है।
रश्मिका ने अपने पोस्ट में स्वीकार किया कि यह उनकी लगातार तीसरी चोट है। उन्होंने लिखा कि शायद अब उन्हें यह सीखना होगा कि शरीर को मशीन की तरह नहीं, बल्कि इंसान की तरह समझना चाहिए। एक्ट्रेस ने कहा कि शुरुआत में वह चाहती थीं कि किसी को इस चोट के बारे में पता न चले, लेकिन अब उन्होंने पूरी सच्चाई अपने प्रशंसकों के साथ शेयर करने का फैसला किया।
रिकवरी के दौरान रश्मिका मंदाना अपना समय घर पर बिता रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पजल सॉल्व करते हुए, अपने पालतू डॉग के साथ खेलते हुए और फूलों व मिठाइयों की तस्वीरें भी शेयर कीं। उन्होंने मजाक में लिखा कि जब वह वर्कआउट या रनिंग नहीं कर सकतीं तो उनका ध्यान खाने और खासतौर पर डेजर्ट की ओर चला जाता है। हालांकि उन्होंने कहा कि वह अपनी फिटनेस का भी पूरा ध्यान रख रही हैं।
रश्मिका मंदाना ने अपने फैंस से चिंता न करने की अपील करते हुए कहा कि दर्द जरूर है, लेकिन यह असहनीय नहीं है। डॉक्टरों ने उन्हें करीब छह सप्ताह के बेड रेस्ट की सलाह दी है। वर्कफ्रंट की बात करें तो रश्मिका जल्द ही मायसा, रणबाली और पुष्पा 3 में नजर आएंगी। फिलहाल उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं और उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।