रणदीप हुड्डा की Inspector Avinash 2 का ट्रेलर रिलीज, इस बार पहले से बड़ा होगा अपराध और एक्शन का खेल

Inspector Avinash 2 Release Date: रणदीप हुड्डा की इंस्पेक्टर अविनाश 2 का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस बार कहानी में ज्यादा एक्शन और 90 के दशक के अपराध जगत का खतरनाक खेल देखने को मिलेगा।
Randeep Hooda Web Series Inspector Avinash 2 Trailer
रणदीप हुड्डा की इंस्पेक्टर अविनाश 2 का ट्रेलर रिलीज (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Randeep Hooda Web Series Inspector Avinash 2 Trailer: रणदीप हुड्डा एक बार फिर अपने चर्चित किरदार के साथ वापसी करने जा रहे हैं। क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश के दूसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। ट्रेलर में रणदीप का एक्शन, इंटेंस लुक और खतरनाक अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। इस बार कहानी पहले से ज्यादा बड़ी, खतरनाक और इमोशनल नजर आ रही है।

मेकर्स ने ट्रेलर के साथ सीरीज की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। इंस्पेक्टर अविनाश का दूसरा सीजन 15 मई से जिओ हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा। पहले सीजन को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और अब दूसरे सीजन से भी फैंस को काफी उम्मीदें हैं। सीरीज की कहानी 1990 के दशक के उत्तर प्रदेश पर आधारित है, जब राज्य में माफिया राज, हथियारों की तस्करी और अपराध अपने चरम पर थे।

इंस्पेक्टर अविनाश 2 का ट्रेलर

सीरीज की कहानी एक बहादुर पुलिस अधिकारी अविनाश मिश्रा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार रणदीप हुड्डा निभा रहे हैं। उन्हें स्पेशल टास्क फोर्स की जिम्मेदारी सौंपी जाती है ताकि अपराधियों और माफिया नेटवर्क को खत्म किया जा सके। ट्रेलर में कई हाई-वोल्टेज एक्शन सीन और खतरनाक मिशन देखने को मिलते हैं, जो दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा रहे हैं।

इस बार निजी जिंदगी में भी बढ़ेंगी मुश्किलें

दूसरे सीजन में सिर्फ अपराधियों से लड़ाई ही नहीं दिखाई जाएगी, बल्कि अविनाश के निजी संघर्षों को भी गहराई से दिखाया जाएगा। ट्रेलर से साफ है कि इस बार वह सिस्टम के दबाव, परिवार की परेशानियों और मानसिक तनाव से भी जूझते नजर आएंगे। रणदीप हुड्डा ने भी कहा है कि इस बार उनका किरदार ज्यादा इमोशनल और चुनौतीपूर्ण है। उनके मुताबिक, अविनाश सिर्फ अपराध से नहीं लड़ रहा, बल्कि एक इंसान के तौर पर खुद को भी संभालने की कोशिश कर रहा है।

दमदार स्टार कास्ट से सजी है सीरीज

इंस्पेक्टर अविनाश में इस बार भी कई दमदार कलाकार नजर आने वाले हैं। सीरीज में उर्वशी रौतेला, अमित सियाल, अभिमन्यु सिंह, रजनीश दुग्गल, शालिन भनोट और फ्रेडी दारूवाला जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। सीरीज का निर्देशन नीरज पाठक ने किया है। ट्रेलर देखने के बाद फैंस अब इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com