

Randeep Hooda Birthday Special Story: बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा का जन्म 20 अगस्त 1976 को हरियाणा के रोहतक में हुआ था। रणदीप हुड्डा आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके पिता सर्जन और मां सोशल वर्कर हैं। परिवार चाहता था कि रणदीप भी डॉक्टर बनें, लेकिन उनका मन इस पेशे में नहीं लगा। स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया चले गए और वहां मार्केटिंग में ग्रेजुएशन किया।
विदेश में रहना उनके लिए आसान नहीं था। अपने खर्चों को पूरा करने के लिए उन्होंने एक चाइनीज रेस्टोरेंट में वेटर के तौर पर काम किया। इसके अलावा उन्होंने कार धोने और टैक्सी चलाने का काम भी किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2000 में वह भारत लौटे और एक एयरलाइन कंपनी के मार्केटिंग विभाग में नौकरी की। इसी दौरान उन्होंने मॉडलिंग और थिएटर में भी अपनी किस्मत आजमाई।
रणदीप की बॉलीवुड एंट्री भी काफी दिलचस्प रही। साल 2001 में नसीरुद्दीन शाह के नाटक की रिहर्सल के दौरान उनकी मुलाकात निर्देशक मीरा नायर से हुई। रणदीप की पर्सनैलिटी से प्रभावित होकर मीरा नायर ने उन्हें ऑडिशन देने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें फिल्म ‘मानसून वेडिंग’ में काम करने का मौका मिला। उनके ऑस्ट्रेलियन एक्सेंट को देखते हुए फिल्म में उन्हें एनआरआई का किरदार मिला।
‘मानसून वेडिंग’ के बाद रणदीप ने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘डी’ उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुई। अंडरवर्ल्ड की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया। इसके बाद उन्होंने साहिब बीबी और गैंगस्टर, हाईवे, सरबजीत और सुल्तान जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी प्रतिभा साबित की।
कभी टैक्सी चलाकर गुजारा करने वाले रणदीप हुड्डा आज कामयाबी के साथ लग्जरी लाइफ भी जीते हैं। मुंबई में उनका शानदार घर है, जबकि हरियाणा के रोहतक में उनका पैतृक घर भी है। उनके कार कलेक्शन में Mercedes-Benz GLS, BMW 5 Series, Range Rover और Volvo V90 जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा उन्हें घुड़सवारी का भी काफी शौक है।