39 साल पहले महज 9 लाख में बनता था 'रामायण' का एक एपिसोड, आज 4000 करोड़ में तैयार हो रही है रणबीर कपूर की फिल्म

Ramayana Budget: रणबीर कपूर की 4000 करोड़ रुपये की फिल्म 'रामायण' ने रिलीज से पहले ही सुर्खियां बटोर ली हैं। वहीं, 1987 में रामानंद सागर की 78 एपिसोड वाली 'रामायण' महज करीब 7 करोड़ रुपये में बनी थी।
Ranbir Kapoor Ramayana Budget Ramanand Sagar Film Arun Govil
रामायण का बजट (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ranbir Kapoor Ramayana Budget: भारतीय सिनेमा में रामायण पर कई फिल्में और टीवी शोज बन चुके हैं, लेकिन जब भी इस महाकाव्य की बात होती है तो सबसे पहले रामानंद सागर की 'रामायण' का नाम याद आता है। साल 1987 में दूरदर्शन पर प्रसारित इस शो ने घर-घर में अपनी अलग पहचान बनाई थी। अब निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' एक बार फिर इस पौराणिक गाथा को बड़े पर्दे पर भव्य अंदाज में पेश करने जा रही है। खास बात यह है कि रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामानंद सागर की 'रामायण' के एक एपिसोड को बनाने में करीब 9 लाख रुपये खर्च हुए थे। इस धारावाहिक के कुल 78 एपिसोड प्रसारित किए गए थे। इस हिसाब से पूरे शो का बजट लगभग 7 करोड़ रुपये के आसपास रहा। उस दौर में यह बड़ी रकम मानी जाती थी, लेकिन आज के समय में यह किसी बड़े फिल्मी प्रोजेक्ट के मुकाबले बेहद कम नजर आती है। बजट भले ही सीमित था, लेकिन शो की लोकप्रियता ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। कोरोना महामारी के दौरान जब इस धारावाहिक का दोबारा प्रसारण हुआ, तब भी इसे करोड़ों दर्शकों ने देखा।

नई रामायण में दिखेगा पुरानी रामायण का कनेक्शन

रणबीर कपूर की 'रामायण' का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि इसे नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और सुपरस्टार यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि रामानंद सागर की 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। हालांकि इस बार वह भगवान राम नहीं, बल्कि राजा दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे। इससे पुरानी और नई 'रामायण' के बीच एक खास जुड़ाव भी देखने को मिलेगा।

दिवाली पर होगी भव्य शुरुआत

हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। शानदार विजुअल इफेक्ट्स, दमदार स्टारकास्ट और विशाल बजट के कारण यह फिल्म पहले से ही सुर्खियों में है। मेकर्स इस फ्रेंचाइजी का पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज करेंगे, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com