

Rambha Birthday Special: 90 के दशक का वह दौर जो भारतीय सिनेमा के लिए बेहद खास माना गया था। इसी समय कई नई और खूबसूरत अभिनेत्रियों ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बना ली थी। जिन्होंने अपनी मासूमियत से दर्शकों का दिल जीत लिया। इन्हीं में से एक नाम था एक्ट्रेस रंभा का, जिन्हें लेकर उस समय फिल्मी दुनिया में एक दिलचस्प तुलना बहुत चर्चा में रही थी।
सिल्वर स्क्रीन से काफी समय से दूर रहने वाली अभिनेत्री रंभा आज अपना 48वां जन्मदिन मना रही हैं। एक दौर में बॉलीवुड और साउथ सिनेमा पर राज करने वाली यह अभिनेत्री अब ग्लैमर की दुनिया को छोड़कर अपने परिवार के साथ व्यस्त हैं। कई दर्शक और फिल्म समीक्षक उन्हें 'साउथ की दिव्या भारती' कहकर बुलाते थे। यह तुलना उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और करियर के शुरुआती दौर की तेजी को देखकर होती थी।
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 5 जून 1976 को जन्मी रंभा अभिनेत्री का असली नाम विजयलक्ष्मी है। सिनेमा की दुनिया में कदम रखते ही उन्हें नया नाम रंभा मिला था। रंभा ने बेहद कम उम्र में ही पढ़ाई छोड़कर एक्टिंग को अपना करियर चुन लिया था। साल1992 में उनकी पहली तेलुगु फिल्म रिलीज हुई थी, तो रंभा सिर्फ 16 साल की थीं। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अपने करियर में हिंदी सिनेमा के साथ-साथ दक्षिण भारतीय भाषाओं की फिल्मों में भी अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया।
बॉलीवुड में रंभा ने साल 1995 की फिल्म जल्लाद से अपना पहला कदम रखा था। लेकिन उन्हें असल पहचान सुपरस्टार सलमान खान के साथ फिल्म जुड़वां से मिली थी। इस फिल्म के गानों और रंभा के अभिनय ने दर्शकों को अपना दीवाना बना दिया था। अपने बेहतरीन फिल्मी सफर में उन्होंने अनिल कपूर, अजय देवगन, मिथुन चक्रवर्ती, गोविंदा और महानायक रजनीकांत जैसे बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर की। उन्होंने हिंदी और साउथ के अलावा भोजपुरी सिनेमा में भी काम किया था। जहां अभिनेता रवि किशन के साथ उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया गया था।
अभिनेत्री रंभा का फिल्मी करियर बेहद शानदार चल रहा था, तब उन्होंने अचानक एक बड़ा फैसला लेकर सब फैंस और फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया। साल 2010 में उन्होंने बिजनेसमैन इंद्र कुमार पद्मनाथन से शादी कर ली। शादी के बाद वह धीरे-धीरे चकाचौंध से दूर होती चली गईं।
साल 2011 में आई एक मलयाली फिल्म उनके करियर की आखिरी फिल्म साबित हुई। आज रंभा तीन बच्चों की मां हैं और उनका पूरा ध्यान अपने बच्चों की अच्छी परवरिश पर है। हालांकि अभिनेत्री रंभा सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से हमेशा जुड़ी रहती हैं।
एक समय ऐसा भी आया था जब रंभा अभिनेत्री को लेकर बेहद चौंकाने वाली अफवाह उड़ी थी। साल 2008 में जब वह अस्पताल में भर्ती हुईं, तो उनके सुसाइड की कोशिश करने की खबरें चारों ओर फैल गईं। बाद में खुद अभिनेत्री ने साफ किया कि व्रत रखने की वजह से वह शूटिंग के दौरान कमजोर होकर बेहोश हो गई थीं।
आज वह फिल्मों से भले दूर हों, लेकिन उनकी नेट वर्थ किसी बड़े सुपरस्टार से कम नहीं है। खबरों के अनुसार उनके पास बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन जितनी संपत्ति है। उनके पति कनाडा के बड़े कारोबारी हैं और उनकी एक कंपनी का नाम तो खुद रंभा के नाम पर रखा गया है।