

Ranbir Kapoor Film Ramayana Trailer: निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। भारत में शानदार प्रतिक्रिया मिलने के साथ-साथ फिल्म का ट्रेलर पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। खासकर फिल्म के भव्य विजुअल्स, दमदार वीएफएक्स और स्टारकास्ट की लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद पाकिस्तान के कई कंटेंट क्रिएटर्स और फिल्म समीक्षकों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए रिएक्शन वीडियो और पोस्ट में फिल्म के तकनीकी स्तर, विजुअल प्रेजेंटेशन और सिनेमाई भव्यता की तारीफ की जा रही है।
पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर माविया उमर ने ट्रेलर पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि फिल्म का विशाल बजट स्क्रीन पर साफ दिखाई देता है और ट्रेलर देखने के बाद वह इसे लेकर काफी उत्साहित हैं। वहीं पाकिस्तानी फिल्म क्रिटिक और यूट्यूबर हसनात खान ने भी ट्रेलर की तारीफ करते हुए खासतौर पर यश के लुक और फिल्म के वीएफएक्स को प्रभावशाली बताया।
'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में यश, सनी देओल, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय, अरुण गोविल, लारा दत्ता और रकुल प्रीत सिंह समेत कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इतनी बड़ी स्टारकास्ट की वजह से भी फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'रामायण' का निर्माण बड़े स्तर पर किया जा रहा है और इसका बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा और अभिनेता यश मिलकर कर रहे हैं। इस मेगा प्रोजेक्ट का पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 पर दर्शकों के बीच आएगा। ट्रेलर को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाओं ने फिल्म को लेकर उम्मीदें और बढ़ा दी हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि रिलीज के बाद 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा इतिहास रचती है।