

Ramayana Jai Jai Ram Song Recording Story: ‘रामायणम्’ इन दिनों अपनी भव्यता और स्टारकास्ट के साथ-साथ संगीत को लेकर भी चर्चा में है। गणेश चतुर्थी के मौके पर फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज किया गया, जिसने रिलीज के साथ ही दर्शकों का ध्यान खींचा। इस भक्ति गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। वहीं, इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं और संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है।
'जय जय राम' की रिकॉर्डिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है। एक स्वतंत्र सूत्र के हवाले से दावा किया गया है कि अरिजीत सिंह ने इस गाने को रिकॉर्ड करते समय 200 से ज्यादा टेक दिए थे। बताया गया कि गाने की भावनाओं में अरिजीत इस कदर डूब गए थे कि वह हर टेक में अलग तरह से उसके भाव को महसूस कर रहे थे। सूत्र के मुताबिक, अरिजीत हर टेक के दौरान गाने की भावनाओं को पूरी तरह महसूस करने की कोशिश कर रहे थे। वह इस अनुभव में इतने डूब गए कि रिकॉर्डिंग के दौरान तकनीकी बारीकियों पर ध्यान देने के बजाय गाने की भावनाओं को प्राथमिकता देने लगे।
'जय जय राम' में अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज सुनने को मिलती है। एआर रहमान का संगीत और कुमार विश्वास के बोल इसे भगवान राम की भक्ति से जोड़ते हैं। मेकर्स ने इस गाने के जरिए फिल्म के म्यूजिकल सफर की शुरुआत की है। फिल्म के ट्रेलर को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिलने का दावा किया गया है। मेकर्स के अनुसार, ट्रेलर को सभी प्लेटफॉर्म पर 1 बिलियन से ज्यादा डिजिटल व्यूज मिल चुके हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायणम्' में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका में नजर आएंगे। साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। भारत को छोड़कर दुनियाभर में फिल्म को सोनी पिक्चर्स रिलीज करेगी। 'रामायणम्' का पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में आने की तैयारी में है।