

Highlights
लॉस एंजिल्स में फिल्म रामायण का ग्लोबल प्रीमियर अमेरिका में आयोजित हुआ।
फिल्म रामायण का ग्लोबल प्रीमियर में रणबीर कपूर-यश की बॉन्डिंग ने सबका ध्यान खींचा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दुनियाभर में प्री-सेल्स 20 करोड़ रुपये पार हो चुकी हैं।
Ramayana Advance Booking Collection: डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' के लिए अमेरिका के लॉस एंजिल्स में एक भव्य ग्लोबल प्रीमियर का आयोजन किया गया। इस मौके पर फिल्म की पूरी स्टारकास्ट ने शिरकत कर महफिल लूट ली। अकादमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स के डेविड गेफेन थिएटर में आयोजित इस 3D स्क्रीनिंग में केवल चुनिंदा मेहमानों को ही बुलाया गया था।
जैसे ही इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, देश और दुनिया भर के फैंस में उत्साह की लहर दौड़ गई। फिल्म रिलीज से ठीक आठ दिन पहले इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोशन ने माहौल को पूरी तरह से गरमा दिया है।
ग्लोबल प्रीमियर के दौरान जब भारतीय सिनेमा के बड़े स्टार्स हॉलीवुड की धरती पर उतरे, तो हर किसी की निगाहें उन पर टिक गईं। फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर सिल्वर रंग की चमकदार ड्रेस में बेहद आकर्षक लग रहे थे। तो दूसरी ओर रावण के रोल में नजर आने वाले एक्टर यश अपनी पत्नी राधिका पंडित के साथ पहुंचे।
यश ने एक स्टाइलिश ऑल-ब्लैक लुक चुना जिसे उन्होंने एक खास ब्रोच और चश्मे के साथ पूरा किया, जबकि राधिका पारंपरिक हरे और सुनहरे रंग की सिल्क साड़ी में बेहद सुंदर नजर आ रही थीं। मां सीता की भूमिका निभा रही साई पल्लवी लाल रंग की जरदोजी साड़ी और खुले बालों के सिंपल लुक में सबका दिल जीतने में सफल रहीं।
इस शानदार शाम का सबसे खास पल वह था जब रणबीर कपूर और यश रेड कारपेट पर आमने-सामने आए। दोनों स्टार्स ने एक-दूसरे को गर्मजोशी से गले लगाया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया। सोशल मीडिया पर फैंस इस पल की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
इस प्रीमियर में केवल फिल्म के एक्टर ही नहीं बल्कि कई जानी-मानी विदेशी हस्तियां भी शामिल हुईं। जेडा पिंकेट स्मिथ, रोहिणी अय्यर और बेंजी केली जैसी ग्लोबल पर्सनालिटीज की मौजूदगी ने इस इवेंट के स्तर को और भी ज्यादा ऊंचा उठा दिया।
आमिर खान की सुपरहिट फिल्म 'दंगल' लंबे समय से लगभग 2000 करोड़ रुपये की बंपर वर्ल्डवाइड केक्शन के साथ टॉप पर काबिज है। खबरों के अनुसार फिल्म 'रामायण' इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को कड़ी चुनौती दे सकती है। लगभग 2000 करोड़ रुपये के बड़े बजट पर बनी इस फिल्म की एडवांस बुकिंग में पहले से ही अच्छी खासी बढ़त देखने को मिल रही है।
जानकारों का मानना है कि यह फिल्म अपनी रिलीज के पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 110 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन दर्ज कर सकती है। हालांकि इस कलेक्शन को हासिल करने के लिए इसे न केवल बंपर ओपनिंग बल्कि लंबे समय तक दर्शकों का भारी सपोर्ट भी चाहिए होगा।
फिल्म 'रामायण' आने वाली 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि इसके पेड प्रीमियर एक दिन पहले यानी 4 नवंबर से ही शुरू हो जाएंगे। इस प्रोजेक्ट में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के अलावा काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर और अरुण गोविल जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।